Homeक्राइम न्यूजकैशियर की नीयत में आया खोट, पेट्रोल पंप मालिक के साथ की...

कैशियर की नीयत में आया खोट, पेट्रोल पंप मालिक के साथ की लाखों रुपए की धोखाधड़ी; मामला दर्ज, जांच शुरू

केकड़ी, 10 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना क्षेत्र में अजगरा स्थित एस.एस. पेट्रो फ्यूल स्टेशन पर लाखों रुपए के गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पंप पर कार्यरत कैशियर करीब 35 लाख रुपए की राशि लेकर चंपत हो गया है। मामले को लेकर पंप मैनेजर ने सरवाड़ थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई है, जिस पर पुलिस ने अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में पंप मैनेजर हंसराज गुर्जर पुत्र गोपी गुर्जर निवासी अजगरी ने बताया कि छोटू गिरी पुत्र मंगल गिरी निवासी अजगरी पिछले लंबे समय से पंप पर कैशियर के रूप में कार्यरत था। उसका मुख्य कार्य पेट्रोल पंप की नकदी संकलित कर उसे ए.यू. स्मॉल फाइनेंस बैंक केकड़ी में जमा कराना व मुनीम रामेश्वर माहेश्वरी के पास हिसाब दर्ज करवाना था।

वापस नहीं लौटने पर हुआ शक: 7 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11 बजे आरोपी छोटू गिरी पंप से कैश लेकर बैंक में जमा कराने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह देर शाम तक वापस नहीं लौटा। शक होने पर जब उसके मोबाइल पर संपर्क किया गया तो वह स्विच ऑफ मिला। मैनेजर ने जब केकड़ी स्थित मुनीम रामेश्वर माहेश्वरी से संपर्क किया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। मुनीम ने बताया कि छोटू गिरी पिछले काफी दिनों से हिसाब देने में आनाकानी कर रहा था और प्रारंभिक जांच में करीब 30 से 35 लाख रुपए का अंतर (घोटाला) सामने आया है। परिजनों से पूछताछ करने पर पता चला कि वह घर भी नहीं पहुंचा है।

पुलिस टीमें हुई सक्रिय: मैनेजर हंसराज गुर्जर की रिपोर्ट पर सरवाड़ थाना पुलिस ने छोटू गिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गबन व धोखाधड़ी का अभियोग पंजीबद्ध किया है। थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जांच एएसआई कजोड़मल को सौंपी गई है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

RELATED ARTICLES