केकड़ी, 12 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जन्म जयंती को धूमधाम से मनाने व तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अंबेडकर वेलफेयर सोसाइटी के तत्वाधान में नगर पालिका रंगमंच पर विभिन्न समाजों की बैठक आयोजित की गई। आयोजन समिति की कोर कमेटी के सदस्य भंवर लाल चौहान ने बताया कि बाबा साहब की जयंती को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। शहर के प्रमुख चौराहों को बाबा साहब के बैनर व फ्लैक्स लगाकर सजाया जा रहा है। वरिष्ठ पदाधिकारी रतन पंवार ने जानकारी दी कि 14 अप्रैल को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। विधायक पालिका रंगमंच पर आयोजित समारोह के पश्चात शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

500 महिलाएं सिर पर धारण करेंगी मंगल कलश: आयोजन समिति के अध्यक्ष ने बताया कि समारोह के पश्चात कस्बे में डीजे, बैंड-बाजे व घोड़ी-बग्गी के साथ बाबा साहब की प्रतिमा सहित भव्य जुलूस निकाला जाएगा। इस जुलूस में कार्यकर्ता नीले झंडे व बाबा साहब के चित्र युक्त बैनर लेकर कतारबद्ध चलेंगे। विशेष आकर्षण के रूप में विभिन्न समाजों की 500 महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा में शामिल होंगी। यह कलश यात्रा नगर पालिका से प्रारंभ होकर तीन बत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार, वीर चौराहा, खिड़की गेट व सरसड़ी गेट होते हुए कचहरी रोड होकर पुनः पालिका परिसर पहुंचकर संपन्न होगी।

पूर्व संध्या पर होगा दीपदान: वरिष्ठ पदाधिकारी प्रेमचंद मोची ने बताया कि जयंती की पूर्व संध्या पर 13 अप्रैल को शाम 6:30 बजे नगर पालिका परिसर स्थित बाबा साहब की प्रतिमा के समक्ष भव्य दीपदान कार्यक्रम का आयोजन होगा। बैठक के दौरान किशन परेवा व प्रभु लाल जागृत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की सफलता के लिए विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं, जिनमें कर्नल दुर्गा लाल रेगर, एडवोकेट रोडूमल सामरिया, महावीर कांसोटिया, महेश बोयत, महेंद्र गढ़वाल सहित अन्य पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। बैठक में शंकर लाल बैरवा, गणपत लाल रेगर, अशोक कुमार कोली, धनराज पेंटर, अशोक कुमार मीणा सहित विभिन्न समाजों के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


