केकड़ी, 27 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लायंस क्लब के नवीन सत्र 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी का चयन सर्वसम्मति से किया गया। अध्यक्ष निरंजन चौधरी द्वारा डॉ. बृजेश गुप्ता की अध्यक्षता में गठित नॉमिनेशन कमेटी ने सर्वसम्मति से नए पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। कमेटी में एस.एन. न्याती, राजेंद्र सोनी, मुरारी गर्ग व राकेश जैन सदस्य के रूप में शामिल थे। साधारण सभा की बैठक में कमेटी ने आगामी सत्र के लिए दिनेश मेवाड़ा को अध्यक्ष, विकास माहेश्वरी को सचिव व आसाराम जांगिड़ को कोषाध्यक्ष मनोनीत करने की घोषणा की।

स्वागत व अभिनंदन: घोषणा के पश्चात नॉमिनेशन कमेटी के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर व मिठाई खिलाकर स्वागत किया। क्लब सदस्य दिनेश गर्ग, अरविंद नाहटा, संजय जैन, पुरुषोत्तम गर्ग, भागचंद मूंदड़ा, हेमराज जैन, मोनू पिटी, अमित पारीक, अमित जैन, जगदीश फतेहपुरिया, मदन गुर्जर सहित अन्य ने नई टीम को बधाई दी।

सेवा कार्यों का संकल्प: नवनियुक्त अध्यक्ष दिनेश मेवाड़ा, सचिव विकास माहेश्वरी व कोषाध्यक्ष आसाराम जांगिड़ ने संयुक्त रूप से विश्वास दिलाया कि वे आगामी सत्र में सभी सदस्यों को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि क्लब के सेवा कार्यों को गति प्रदान कर इसे अग्रणी बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा से प्रयास किए जाएंगे। बैठक के अंत में राष्ट्रगान हुआ, जिसके पश्चात अध्यक्ष ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए सभा समाप्ति की घोषणा की।

