केकड़ी, 03 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट व अपहरण के मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए मुख्य आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को परिवादी द्वारा भिनाय थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट पेश की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन एवं भिनाय थानाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई: टीम ने तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर खास की सूचना पर त्वरित कार्यवाही की। घटना का मुख्य आरोपी अमर (20) पुत्र रामलाल भील निवासी भीलों का खेड़ा (करांटी) गिरफ्तारी के डर से अपने रिश्तेदारों, दोस्तों व जंगलों में फरारी काट रहा था। वह मौका पाकर बाहर भागने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। इस कार्यवाही में भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा, हेड कांस्टेबल ब्रजलाल व सुरेन्द्र, कांस्टेबल सुनील, मंजीत व अजय की विशेष भूमिका रही।


