Homeशासन प्रशासनमीणों का नयागांव प्रकरण: तहसीलदार की मध्यस्थता के बाद प्रशासन व ग्रामीणों...

मीणों का नयागांव प्रकरण: तहसीलदार की मध्यस्थता के बाद प्रशासन व ग्रामीणों के बीच बनी सहमति, देर रात समाप्त हुआ धरना

केकड़ी, 06 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मीणों का नयागांव में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण व अवैध बजरी के भंडारण को लेकर चल रहा ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार देर रात समझौते के साथ समाप्त हो गया। प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई का लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना अनिश्चितकालीन धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। एडीएम कार्यालय के बाहर सावर नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष विश्वजीत सिंह शक्तावत के नेतृत्व में चल रहे धरने के दौरान तहसीलदार बंटी राजपूत ने ग्रामीणों के साथ वार्ता की। लंबी चर्चा के बाद प्रशासन व ग्रामीणों के बीच लिखित समझौता हुआ। प्रशासन ने विश्वास दिलाया कि विवादित भूमि का तत्काल सीमांकन कराया जाएगा व आगामी 15 दिनों के भीतर समस्त अतिक्रमण हटा दिए जाएंगे।

अवैध बजरी होगी जब्त: समझौते के अनुसार सरकारी भूमि पर अवैध रूप से रखे गए बजरी के स्टॉक को जब्त करने व इस अवैध कार्य में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया गया है। इस दौरान शहर थाना प्रभारी अनिल शर्मा भी जाप्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे व शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। ज्ञात रहे कि मंगलवार दोपहर से ही ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर एडीएम कार्यालय के बाहर डटे हुए थे। प्रशासन के सकारात्मक रुख व लिखित आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया व धरना स्थल से रवाना हुए। इससे क्षेत्र में पिछले कई घंटों से बना तनावपूर्ण माहौल शांत हुआ व स्थिति सामान्य हो गई।

संबधित समाचार पढ़िए…

RELATED ARTICLES