Homeक्राइम न्यूजपुलिस की त्वरित कार्यवाही: अपहृता को 24 घंटे में किया दस्तयाब, तकनीकी...

पुलिस की त्वरित कार्यवाही: अपहृता को 24 घंटे में किया दस्तयाब, तकनीकी अनुसंधान व सीसीटीवी की मदद से मिली सफलता

केकड़ी, 10 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना पुलिस ने अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर अपहृता को बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट व मुखबिर की सूचना पर युवती को बगरू (जयपुर) से दस्तयाब किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती 8 मई को परिवादिया ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री घर से अचानक लापता हो गई है। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि नासिर नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। परिजनों ने अंदेशा जताया था कि आरोपी नशा करने का आदी है और युवती के साथ कोई गंभीर घटना कारित कर सकता है या उसे बेच सकता है। बताया जाता है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक घटनाएं कारित कर चुका है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

विशेष टीम ने दी दबिश: मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण व तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद टीम ने बगरू में दबिश देकर युवती को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। थानाधिकारी ने बताया कि युवती को दस्तयाब करने के बाद अब आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है। इस कार्यवाही में थानाधिकारी रामपाल शर्मा, एएसआई गिरधारी लाल, हैड कांस्टेबल राजकिरण, कांस्टेबल हरिराम, दातार सिंह, कमलेश व महिला कांस्टेबल प्रियंका सहित जिला स्पेशल टीम के शंकर सिंह, महिपाल सिंह व जितेंद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

RELATED ARTICLES