केकड़ी, 15 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत दो हजार रुपए के इनामी व थाने के टॉप टेन अपराधियों में शामिल पोक्सो एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने विगत 12 फरवरी 2026 को भिनाय थाने में जोताया थाना सराना निवासी रामराज खारोल (20) पुत्र जगदीश खारोल के खिलाफ अपहरण व जे.जे. एक्ट सहित विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही आरोपी रामराज गिरफ्तारी के डर से अपने रिश्तेदारों, दोस्तों व हाईवे के ढाबों पर छिपकर फरारी काट रहा था। वह मौका पाकर राज्य से बाहर भागने की फिराक में था। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश मील व वृत्ताधिकारी हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन एवं भिनाय थानाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

घूघरा घाटी से किया डिटेन: पुलिस टीम ने आरोपी पर कड़ी निगरानी रखते हुए आसूचना संकलित की। तकनीकी संसाधनों के उपयोग व मुखबिर खास की सूचना पर टीम ने लगातार पीछा करते हुए आरोपी रामराज को अजमेर की घूघरा घाटी से डिटेन कर लिया। बाद में उसे धारा 137(2), 64(M), 78(1), 127(4) बीएनएस, 84 जेजे एक्ट व 11/12, 5L/6 पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पुलिस अनुसंधान जारी है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में भिनाय थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा, हेड कांस्टेबल बनवारी लाल, कांस्टेबल महेश कुमार व कांस्टेबल सुमित कुमार की सराहनीय भूमिका रही। इसके साथ ही सराना थाने के हेड कांस्टेबल भागचन्द का इस कार्रवाई में विशेष योगदान रहा।


