केकड़ी, 17 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राव अमर सिंह सेकेंडरी विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक व मनोरंजक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक यात्रा का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर व सीईओ रघुराज सिंह जूनिया द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा नई जानकारियां प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों को कोटा की चार प्रमुख व आकर्षक जगहों का भ्रमण कराया गया। यात्रा का पहला पड़ाव अभेड़ा बायोलॉजिकल जू पार्क रहा, जहां विद्यार्थियों ने शेर, बाघ, भालू व हिरण सहित विभिन्न प्रकार के वन्य जीवों को नजदीक से देखा और उनके बारे में जानकारियां जुटाई।

ऐतिहासिक धरोहर का किया अवलोकन: इसके बाद विद्यार्थियों को राव माधो सिंह संग्रहालय ले जाया गया, जहां उन्होंने ऐतिहासिक वस्तुएं, प्राचीन कलाकृतियां व विरासत से जुड़ी अनेक दुर्लभ चीजें देखीं। विद्यार्थियों ने संग्रहालय में ऐतिहासिक धरोहरों को देखकर विशेष उत्साह व्यक्त किया। यात्रा के तीसरे चरण में विद्यार्थियों ने साइंस सिटी पार्क का भ्रमण किया, जहां विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल व रोचक जानकारियों का अवलोकन किया। भ्रमण के अंतिम पड़ाव के रूप में विद्यार्थियों को चंबल रिवर फ्रंट घुमाया गया। यहां विद्यार्थियों ने मनमोहक लाइट शो का आनंद लिया, जिसे देखकर वे अत्यंत उत्साहित व आनंदित नजर आए। यात्रा के समापन पर विद्यार्थियों के लिए बूंदी रेस्टोरेंट में रात्रि भोज की व्यवस्था की गई।

