Homeक्राइम न्यूजचोरी की वारदात का 48 घण्टे में खुलासा: पुलिस ने 200 से...

चोरी की वारदात का 48 घण्टे में खुलासा: पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल भीलवाड़ा बॉर्डर से जब्त किया ट्रेलर

केकड़ी, 23 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने क्षेत्र से चोरी हुए एक ट्रेलर को महज 48 घंटे के भीतर बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 21 मई 2026 को परिवादी मुकेश गुर्जर (27) पुत्र गिरधारी निवासी रतनपुरा ने थाने पर उपस्थित होकर अपना ट्रेलर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएनएस की धारा 303 (2) के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। वाहन व आरोपियों की तलाश के लिए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया गया। घटना के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस टीम ने पूर्व में वाहन चोरी की वारदातों में शामिल रहे अपराधियों से पूछताछ शुरू की व जगह-जगह मुखबिरों को सक्रिय किया। विशेष टीम ने मानवीय आसूचना, तकनीकी संसाधनों व रूट पर लगे 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया।

सीसीटीवी कैमरों की मदद से हुआ खुलासा: पुलिस टीम ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए चोरी गए ट्रेलर के रूट की पहचान की व लगातार उसका पीछा किया। इस त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 20 मई 2026 की रात को रतनपुरा से चोरी हुआ ट्रेलर मय ट्रॉली सरहद कच्चीपुरा एन.एच 27 चित्तौड़गढ़-बारां रोड (भीलवाड़ा जिला) से लावारिस हालत में खड़ा हुआ बरामद कर लिया गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर घटना में शामिल आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा, एएसआई मनोहर सिंह, हैड कांस्टेबल ब्रजलाल व कांस्टेबल मंजीत ने अहम भूमिका निभाई है।

RELATED ARTICLES