Homeसमाजसांस्कृतिक संध्या में बिखरे उत्साह के रंग; खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं व...

सांस्कृतिक संध्या में बिखरे उत्साह के रंग; खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं व मेधावी छात्राओं का सम्मान

केकड़ी, 24 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पुरानी केकड़ी स्थित विजयवर्गीय भवन में केकड़ी विजयवर्गीय समाज की ओर से आयोजित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए पारितोषिक वितरण व मेधावी छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक संध्या के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान बच्चों व खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय मुख्य चुनाव अधिकारी रामस्वरूप विजय व प्रदेशाध्यक्ष राकेश विजयवर्गीय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विजयवर्गीय स्थानीय सभा के अध्यक्ष राजेंद्र नायकवाल ने की।

अतिथियों का स्वागत व सम्मान: कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन मुख्य अतिथि रामस्वरूप विजय, प्रदेशाध्यक्ष राकेश विजयवर्गीय, संरक्षक जगदीश लाल मूणिया व प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष काशीराम विजय द्वारा आराध्य स्वामी रामचरण महाराज के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके पश्चात सामूहिक विजयवर्गीय गीत के साथ उद्घाटन सत्र का शुभारंभ हुआ। स्थानीय सभा अध्यक्ष राजेंद्र नायकवाल ने अतिथियों का तिलक लगाकर, उपराना ओढ़ाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। मंत्री दीपक विजयवर्गीय ने बताया कि कार्यक्रम में पधारे सभी समाज बंधुओं का भी तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत व सम्मान किया गया।

केकड़ी: विजयवर्गीय समाज के समारोह में मौजूद समाजबंधु।

उपराना ओढ़ाकर अभिनंदन: युवा संयोजक रवि प्रकाश मूणिया के संयोजन में पूर्व में विजयदशमी पर्व पर आयोजित की गई विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पारितोषिक वितरित किए गए। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली समाज की मेधावी छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। स्थानीय सभा द्वारा खेलकूद प्रतियोगिता के संयोजकों का उपराना ओढ़ाकर अभिनंदन किया गया। उल्लेखनीय है कि समाज की ओर से पुरुष क्रिकेट, महिला क्रिकेट, वन मिनट प्रतियोगिता, बाल मेला, सितोलिया, मटका फोड़ व महिलाओं, बच्चों तथा पुरुषों के लिए चेयर रेस जैसी कई प्रमुख प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था।

इनका रहा सराहनीय सहयोग: आयोजन को सफल बनाने में सीताराम पाटोदिया, राकेश पाटोदिया, तुलसीराम विजय, महावीर पाटोदिया, ओमप्रकाश मूणिया, रामनरेश बोरा, सर्वेश विजय, लोकेश शास्त्री, राजेश सेढानी, रामबाबू सागरिया, विनोद परवा, राजेंद्र ढोसीवाल, मुकेश विजय, राधा परवा व कुसुम विजय सहित समाज के कई कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। सांस्कृतिक संध्या व सम्मान समारोह में समाज की महिलाओं, पुरुषों व बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। संचालन सर्वेश विजय ने किया। समारोह के अंत में स्थानीय सभा अध्यक्ष राजेंद्र नायकवाल ने सभी समाज बंधुओं का आभार जताया।

RELATED ARTICLES