Homeसमाजशिक्षा व समाज उत्थान पर जोर: 14 जून को नायकी में आयोजित...

शिक्षा व समाज उत्थान पर जोर: 14 जून को नायकी में आयोजित होगा प्रतिभावान सम्मान समारोह

केकड़ी, 24 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): वैष्णव बैरागी चौमालीसा प्रथम स्थान की बैठक रविवार को छाबड़िया बालाजी मंदिर परिसर में जगदीश प्रसाद वैष्णव छाबड़िया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाज के विकास, शिक्षा के प्रसार व संगठन की मजबूती को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 14 जून 2026 को नायकी स्थित अन्नपूर्णा माताजी परिसर में समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं व नवनियुक्त राज्य कर्मचारियों के लिए भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। बैठक में संस्थान के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वैष्णव ने समाज बंधुओं के साथ विभिन्न विकासात्मक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व, युवाओं के सही मार्गदर्शन व सामाजिक उत्थान पर विशेष जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। एक शिक्षित समाज ही सामाजिक, आर्थिक व सांस्कृतिक रूप से प्रगति कर सकता है। समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने व जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का संकल्प भी दोहराया गया।

उत्कृष्ट अंक लाने वाले विद्यार्थी व नवनियुक्त कर्मचारी होंगे सम्मानित: संस्थान द्वारा आगामी 14 जून को आयोजित होने वाले समारोह में एरिया के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने कक्षा 8वीं, 10वीं व 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए हैं। इसके साथ ही संस्थान क्षेत्र से हाल ही में चयनित हुए नए राज्य कर्मचारियों का भी मंच से नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। समारोह में प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मान स्वरूप शील्ड प्रदान की जाएगी। इसके अलावा बनवारी वैष्णव सलारी व प्रभु दयाल वैष्णव जूनिया द्वारा सभी प्रतिभावान विद्यार्थियों को उपहार स्वरूप बैग देने की घोषणा की गई। बैठक के दौरान संस्थान के कोषाध्यक्ष प्रकाश वैष्णव ने गत वर्ष का आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया।

केकड़ी: वैष्णव समाज की बैठक में मौजूद समाजबंधु।

व्हाट्सएप पर भेजने होंगे दस्तावेज: बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सम्मान समारोह में शामिल होने वाले छात्र-छात्राएं अपनी अंकतालिका व पहचान पत्र (पहचान दस्तावेज) की प्रतियां तथा चयनित राज्य कर्मचारी अपने नियुक्ति आदेश की प्रति समाज के प्रतिनिधि बनवारी वैष्णव सलारी व उमाशंकर वैष्णव चौसला के व्हाट्सएप नंबर पर समय रहते भेज देवें। इसके साथ ही संस्थान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से समय पर चंदा संग्रह करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। संस्थान के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश वैष्णव ने कहा कि शिक्षा के बिना समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज के गरीब व जरूरतमंद छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा में संस्थान हरसंभव मदद के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

ये रहे उपस्थित: इस मौके पर संरक्षक चतुर्भुज वैष्णव तसवारिया, हीरा दास वैष्णव बिजवाड़, संस्थान के पूर्व अध्यक्ष प्रहलाद वैष्णव रामपुरा, राधाकिशन वैष्णव, प्रभु दयाल वैष्णव जूनिया, सतीश कुमार वैष्णव, नारायण वैष्णव, गोपाल लाल वैष्णव, रामकिशोर वैष्णव, प्रकाश वैष्णव, गिरधारी वैष्णव, कैलाशचंद वैष्णव, भानुप्रकाश वैष्णव, महावीर वैष्णव नायकी, अंकित वैष्णव कन्नौज, पप्पू वैष्णव छाबड़िया, कैलाश वैष्णव मेवदाकला व रंगलाल छाबड़िया सहित वैष्णव बैरागी समाज के कई गणमान्य लोग व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES