Homeक्राइम न्यूजमामूली बात पर आधी रात को बड़ा बवाल: दो गुटों में जमकर...

मामूली बात पर आधी रात को बड़ा बवाल: दो गुटों में जमकर चले लाठी-डंडे व सरिए, तीन कारों में तोड़फोड़, लूटपाट व अभद्रता का आरोप

केकड़ी, 28 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पुरानी केकड़ी क्षेत्र में सूरजपोल गेट के बाहर स्थित बाथरा कॉलोनी में बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी ने एक बड़े संघर्ष का रूप ले लिया। देखते ही देखते एक ही समाज के दो गुट आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर मारपीट, पथराव व लाठी-डंडे चले। इस झड़प के दौरान घरों व वहां खड़ी तीन कारों में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे वाहनों के शीशे टूट गए व इलाके में तनाव फैल गया। घटना के बाद क्षेत्र में देर रात तक अफरा-तफरी व तनाव का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों की लिखित शिकायतों के आधार पर परस्पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।  इसी के साथ पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 7 जनों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

एक पक्ष ने लगाए यह आरोप: एक पक्ष ने थाने में शिकायत दी कि 27 मई की रात को करीब 15-20 लोग लाठियां व सरिए लेकर जबरन उनके घर में घुस गए। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों व बीच-बचाव करने आए एक युवक पर सरिए से हमला कर उसे घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस शुरुआती कार्रवाई के बाद दो लोगों को थाने ले गई थी, लेकिन समझाइश के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इसके बाद देर रात आरोपी दोबारा हथियारों के साथ आए और परिवार के पुरुषों के साथ मारपीट की। साथ ही घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। रिपोर्ट में घर से 2.27 लाख रुपए नकद व सोने की अंगूठी लूटने का भी आरोप लगाया गया है।

दूसरे पक्ष ने लगाए यह आरोप: वहीं दूसरे पक्ष ने रिपोर्ट दी कि विवाद की शुरुआत दो महिलाओं के बीच छोटी सी बात पर हुई कहासुनी से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद विपक्षी गुट के आधा दर्जन से अधिक लोग एकराय होकर उनके घर में घुस आए व मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट के मुताबिक जब प्रार्थी देर रात करीब 12:30 बजे घर लौट रहे थे, तब उन पर लाठियों व पत्थरों से हमला किया गया। दूसरे पक्ष ने यह भी संगीन आरोप लगाया है कि आरोपियों ने घर की एक नाबालिग लड़की के साथ अभद्रता की व सरियों से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके अलावा जान से मारने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने की बात भी कही गई है।

RELATED ARTICLES