केकड़ी, 30 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होमियोपैथी केकड़ी द्वारा विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक जन-जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “आकर्षण का पर्दाफाश: निकोटीन एवं तंबाकू की लत का मुकाबला” पर आधारित इस शिविर में विद्यालय के लगभग 200 विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर शिविर चिकित्सा प्रभारी डॉ. अंशुल चाहर ने युवाओं को निकोटीन की लत के प्रति सचेत करते हुए बताया कि किस प्रकार तंबाकू उद्योग युवाओं को आकर्षित कर जाल में फंसाता है।

नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए किया प्रेरित: होमियोपैथिक फार्मेसी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. प्रकाश ने तंबाकू सेवन से शरीर व मस्तिष्क पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा कैंसर व हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की विस्तृत जानकारी दी। आवासीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. हिमानी चौधरी ने “तंबाकू उपयोग से बचाव एवं नशा छोड़ने में युवाओं की भूमिका” विषय पर विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को नशा-मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। सत्र के अंत में सभी उपस्थित जनों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प कराया गया।

समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका: शिविर प्रभारी रेखा गौतम ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के समग्र विकास व स्वस्थ भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्राचार्य व चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर शाह ने समाज में स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के शिविरों को अत्यंत उपयोगी व प्रभावी बताया व विद्यालय प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी प्रभारी हरिराम दरोगा व शारीरिक शिक्षक गुलाबचंद मेघवंशी द्वारा किया गया। इस दौरान अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विष्णु शर्मा भी उपस्थित रहे।


