Homeक्राइम न्यूजभीषण सड़क हादसा: कार दुर्घटना में केकड़ी के होलसेल किराना व्यवसायी की...

भीषण सड़क हादसा: कार दुर्घटना में केकड़ी के होलसेल किराना व्यवसायी की मौत, दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल

केकड़ी, 01 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां जयपुर मार्ग पर बीती रात डिग्गी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में केकड़ी के एक होलसेल किराना व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को मालपुरा चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार केकड़ी निवासी हरीश सिंधी (52) पुत्र शीतलदास अपनी पत्नी प्रिया (52), पुत्र दीपक (28) व पुत्रवधु हीर (26) के साथ जयपुर में अपने साडू के यहां एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।

घायल महिलाएं जयपुर रेफर: देर रात लगभग 1 बजे जब वे कार से वापस लौट रहे थे, तभी डिग्गी थाना क्षेत्र में अंविकानगर के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। हादसे में हरीश सिंधी, उनकी पत्नी प्रिया व पुत्रवधु हीर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को एंबुलेंस की मदद से मालपुरा के राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हरीश सिंधी को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्रिया व हीर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। 

केकड़ी: हादसे में क्षतिग्रस्त कार।

सीट बेल्ट ने बचाई जान: इस भीषण दुर्घटना में हरीश के पुत्र दीपक बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि दीपक ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, जिसके कारण उन्हें गंभीर चोटें नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही डिग्गी थाना पुलिस के एएसआई रमेश चन्द्र अस्पताल पहुंचे व शव को मोर्चरी में रखवाया। सोमवार सुबह पंचनामा व पोस्टमार्टम की आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इस दुखद खबर के बाद सिंधी समाज व स्थानीय व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

RELATED ARTICLES