Homeक्राइम न्यूजअवैध अतिक्रमणों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 120 से अधिक प्लॉटों की...

अवैध अतिक्रमणों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 120 से अधिक प्लॉटों की चारदीवारी ध्वस्त; अतिक्रमणकारियों में हड़कंप

केकड़ी, 01 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर नगर पालिका क्षेत्र में अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में प्रशासनिक अमले ने करीब 120 से अधिक प्लॉटों पर अवैध रूप से निर्मित की गई चारदीवारियों को मलबे में तब्दील कर दिया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया व अतिक्रमणकारियों में खलबली देखी गई। नगर पालिका व प्रशासनिक अधिकारियों की अगुवाई में मौके पर पहुंची टीम ने जेसीबी मशीनों की सहायता से ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माणों को ढहा दिया। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि बिना किसी वैध स्वीकृति व नियमों के विपरीत सरकारी एवं सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किए गए कब्जों के खिलाफ यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान: कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर अवैध रूप से बाउंड्री वॉल बनाकर कब्जा की गई बेशकीमती भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी भूमि, सार्वजनिक मार्गों व सार्वजनिक उपयोग की जमीनों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अतिक्रमण हटाने का यह अभियान इसी तरह जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन कर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

केकड़ी: सावर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस बल।

कानून-व्यवस्था के लिए तैनात रहा भारी पुलिस जाब्ता: कार्रवाई के दौरान मौके पर विरोध की स्थिति से निपटने व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उपाधीक्षक हर्षित शर्मा खुद मोर्चे पर डटे रहे। उनके साथ ही सावर, सराना, सरवाड़, केकड़ी सिटी, केकड़ी सदर व भिनाय थाना पुलिस सहित पुलिस लाइन से आया अतिरिक्त जाब्ता भी मुस्तैद नजर आया।

RELATED ARTICLES