केकड़ी, 16 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा युवा प्रकोष्ठ अजमेर व शाखा सभा केकड़ी का संयुक्त शपथ ग्रहण समारोह पटेल मैरिज गार्डन कादेड़ा रोड में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात युवा प्रकोष्ठ अजमेर के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रोहित जांगिड़ व शाखा सभा केकड़ी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष महावीर प्रसाद जांगिड़ ने अपनी-अपनी कार्यकारिणी के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह के मुख्य अतिथि युवा प्रकोष्ठ प्रदेशाध्यक्ष धर्मवीर जांगिड़ रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल जांगिड़, अजमेर महासभा चुनाव प्रभारी सतीश जांगिड़ व श्री विश्वकर्मा मंदिर समिति के अध्यक्ष बंशीलाल जांगिड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजमेर महासभा अध्यक्ष रामप्रसाद बोदलिया ने की।

युवा शक्ति ही समाज की सबसे बड़ी ताकत: इस अवसर पर मुख्य अतिथि धर्मवीर जांगिड़ ने कहा कि युवा शक्ति समाज की सबसे बड़ी ताकत है। संगठित व जागरूक युवा समाज को नई दिशा देने का कार्य कर सकते हैं। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रामप्रसाद बोदलिया ने संगठन की मजबूती, सामाजिक एकता व युवा नेतृत्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज के विकास में युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। विशिष्ट अतिथि बंशीलाल जांगिड़ ने कहा कि समाज की प्रगति शिक्षा, संगठन व संस्कारों से ही संभव है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को समाज सेवा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी। समारोह में अजमेर जिले की विभिन्न तहसीलों के शाखा सभा अध्यक्षों सहित अनेक गणमान्य समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सम्पत लाल जांगिड़ ने किया।

नवगठित टीम पूर्ण निष्ठा से करेगी कार्य: कार्यक्रम के अंत में युवा प्रकोष्ठ अजमेर जिलाध्यक्ष रोहित जांगिड़ ने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों व समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नवगठित टीम समाजहित व संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए पूर्ण निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करेगी। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष रामराज जांगिड़, ओमप्रकाश जांगिड़, रामेश्वर प्रसाद जांगिड़, भंवरलाल जांगिड़, बजरंग लाल जांगिड़, अमरचंद जांगिड़, रामनिवास जांगिड़, डॉ. नवीन जांगिड़, महेश जांगिड़, ओमप्रकाश मेंईवाल, जगदीश जांगिड़, दुर्गालाल सिलक, सुशील जांगिड़, नंदकिशोर जांगिड़, कनवर जांगिड़, दुर्गालाल आमेरिया, उमेश जांगिड़, आशाराम जांगिड़, अविनाश जांगिड़ व बद्रीलाल जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति व समाजबंधु उपस्थित रहे।


