केकड़ी, 25 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कुशायता में गुरुवार को ‘ग्रामीण सेवा शिविर 2026‘ का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं व सेवाओं का सीधा लाभ उठाया। इस दौरान कुल 22 विभागों ने भाग लेकर आमजन को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। शिविर प्रभारी व अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में कार्यवाहक उपखंड अधिकारी भगवती प्रसाद वैष्णव, विकास अधिकारी संगीता व्यास, चिरंजी लाल वर्मा, स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रियंक दाधीच, प्रशासक रसाल देवी खारोल, उपखंड कार्यालय कार्मिक विनोद सेन, ग्राम विकास अधिकारी मनजीत सिंह चौधरी व कनिष्ठ सहायक इंदिरा व राकेश गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य अंतिम छोर के व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

शिविर में हुए प्रमुख जनकल्याणकारी कार्य: शिविर में ग्रामीणों को 20 आवासीय पट्टे वितरित किए गए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 लाभार्थियों के खाते में तीसरी किस्त की राशि ट्रांसफर की गई। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 17 व्यक्तिगत शौचालयों की स्वीकृति जारी की गई। इसके साथ ही 5 पेंशनरों का सत्यापन, 1 दिव्यांग स्कूटी आवेदन व जन आधार कार्ड में संशोधन के 23 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। कृषि विभाग द्वारा 17 मृदा स्वास्थ्य कार्ड (सॉइल हेल्थ कार्ड) व 5 मूंग मिनी किट्स का वितरण किया गया। पशुपालन क्षेत्र में 26 मंगला पशु बीमा पॉलिसियां जारी की गईं। चिकित्सा विभाग ने 97 व आयुर्वेद विभाग ने 63 रोगियों की जांच कर उन्हें निःशुल्क परामर्श व दवाइयां दी।

राजस्व व अन्य सेवाएं: इसी के साथ राजस्व खातों के शुद्धिकरण के 7, आपसी सहमति व बंटवारे के 4, नामांतरण के 13 व सीमा ज्ञान (पत्थरगढ़ी) के 2 प्रकरणों का मौके पर ही निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त 48 जाति व मूल निवास प्रमाण पत्र, 23 प्रधानमंत्री किसान योजना पंजीकरण, परिवहन विभाग द्वारा 4 स्मार्ट कार्ड पंजीकरण व प्रधानमंत्री जनधन खाता योजना के तहत 4 नए खाते खोले गए। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा शिविर में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का भी अनूठा आयोजन किया गया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर चंद्रशेखर भंडारी ने कैंप के सफल आयोजन व बेहतरीन जनसेवा के लिए मौके पर मौजूद सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों ने पंचायत परिसर में पौधरोपण भी किया।


