Homeधर्म एवं संस्कृतिआचार्य रामदयाल महाराज करेंगे ढाई शताब्दी पुराने रामद्वारा के नवीन भवन का...

आचार्य रामदयाल महाराज करेंगे ढाई शताब्दी पुराने रामद्वारा के नवीन भवन का लोकार्पण, 1.5 करोड़ की लागत से 10 माह में हुआ है तैयार

केकड़ी, 01 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): धार्मिक नगरी केकड़ी गुरुवार को आस्था, श्रद्धा व भक्ति के रंग में सराबोर रहेगी। लगभग ढाई शताब्दी पुराने रामद्वारा के स्थान पर निर्मित नवीन एवं भव्य रामद्वारा भवन का उद्घाटन गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के पीठाधीश्वर जगतगुरु आचार्य रामदयाल महाराज के पावन करकमलों से संपन्न होगा। इस अवसर पर नगर में विशाल कलश यात्रा व भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। रामद्वारा सेवा समिति के वरिष्ठ सदस्य आनंदीराम सोमानी ने बताया कि प्रातः 9:15 बजे अजमेर रोड स्थित बिजासन माता मंदिर से आचार्यश्री की अगवानी के साथ शोभायात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा नगर पालिका चौपाटी होते हुए अजमेरी गेट, तेलियान मंदिर, जैन कॉलेज, सापण्दा रोड चौराहा, जूनिया गेट चौराहा, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, लोढ़ा चौक, चारभुजा मंदिर व माणक चौक से होती हुई रामद्वारा परिसर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान व वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य नवीन रामद्वारा भवन का लोकार्पण किया जाएगा।

बिना चंदे के तैयार हुआ भव्य भवन: रामद्वारा सेवा समिति के मीडिया प्रभारी महेंद्र प्रधान ने बताया कि लगभग 250 वर्ष पुराने रामद्वारा भवन को समतल कर अगस्त 2025 में नवीन भवन का निर्माण प्रारंभ किया गया था। महज दस माह के अथक परिश्रम के बाद यह भव्य भवन तैयार हुआ है। निर्माण कार्य पर लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत आई है, जिसका संपूर्ण व्यय शाहपुरा रामद्वारा ट्रस्ट द्वारा वहन किया गया। उन्होंने विशेष रूप से बताया कि इस निर्माण कार्य के लिए किसी संस्था अथवा व्यक्ति से किसी प्रकार का आर्थिक सहयोग या चंदा नहीं लिया गया है।

केकड़ी: आचार्य रामदयाल महाराज (फाइल फोटो)

सैकड़ों महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर होंगी शामिल: रामद्वारा सेवा समिति के मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव ने बताया कि कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं लाल चुनरी की साड़ी धारण कर सिर पर मंगल कलश लेकर शामिल होंगी, जबकि पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा अथवा पारंपरिक शुभ्र वेशभूषा में यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों व सनातन समाज द्वारा जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं, जहां पुष्पवर्षा व स्वागत-सत्कार की विशेष व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए मार्ग में शीतल पेयजल व अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है।

विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित कई संत-महात्मा रहेंगे मौजूद: समिति के निरंजन तोषनीवाल ने बताया कि उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा व श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम भी समारोह में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। उनके साथ विभिन्न जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। रामद्वारा सेवा समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में कलश यात्रा व उद्घाटन समारोह में सहभागी बनकर इस ऐतिहासिक व आध्यात्मिक अवसर के साक्षी बनने का आग्रह किया है।

RELATED ARTICLES