केकड़ी, 06 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व जूनोसिस दिवस के अवसर पर राजकीय जिला चिकित्सालय में सोमवार को नर्सिंग विद्यार्थियों व मरीजों के परिजनों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जूनोसिस यानी पशु-पक्षियों से मनुष्यों में फैलने वाले संक्रामक रोगों जैसे रेबीज, स्क्रब टाइफस, बोवाइन ट्यूबरकुलोसिस, प्लेग, ब्रुसेलोसिस व बर्ड फ्लू के प्रति लोगों को सचेत करना तथा ‘वन हेल्थ‘ की अवधारणा को प्रोत्साहित करना था।

ये रहे अतिथि: कार्यक्रम में पीएमओ डॉ. राजेंद्र कुमार मौर्य, शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सविता मौर्य, उपनियंत्रक डॉ. डी.डी. गुप्ता, फिजिशियन डॉ. अनूप कुमार, क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. लोकेश वर्मा, कॉलेज प्रभारी कन्हैया टेलर, नर्सिंग ऑफिसर अनीषा बानो, सुरेंद्र बड़ौला, समर्थ सामरिया व नर्सिंग ट्यूटर अंकित उपाध्याय मौजूद रहे। इस मौके पर राजकीय मॉडल नर्सिंग संस्थान के बी.एससी. नर्सिंग, जीएनएम व एएनएम कोर्स के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर और प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता व ज्ञान का प्रदर्शन किया।

जन-जागरूकता अभियान चलाने का लिया संकल्प: सभी अतिथियों ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। चिकित्सा विशेषज्ञों ने जूनोसिस रोगों के कारण, रोकथाम, खाद्य स्वच्छता, पशुओं के टीकाकरण व जन-जागरूकता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मानव, पशु व पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से गहराई से जुड़ा हुआ है। ‘वन हेल्थ‘ की अवधारणा को अपनाकर ही इन बीमारियों की प्रभावी रोकथाम संभव है। कार्यक्रम का समापन भविष्य में भी इस तरह के जन-जागरूकता अभियान चलाने के संकल्प के साथ हुआ।


