केकड़ी, 07 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर रोड स्थित श्री साईं निजी आईटीआई ने सफलता का एक नया कीर्तिमान रचा है। राजस्थान सरकार के विद्युत विभाग निगम द्वारा जारी हालिया भर्ती परिणाम में संस्थान के तीन छात्रों व एक अनुदेशक (इंस्ट्रक्टर) का सरकारी सेवा में चयन हुआ है। इस शानदार सफलता से संस्थान प्रशासन, शिक्षकों और विद्यार्थियों में हर्ष का माहौल है। विद्युत विभाग में चयनित होने वाले अभ्यर्थियों में संस्थान के अनुदेशक नवरतन शर्मा शामिल हैं। इनके साथ ही संस्थान के तीन प्रतिभावान छात्रों सर्वेश्वर चौधरी, राजेंद्र सारस्वत एवं सोनू लाल प्रजापत का भी चयन हुआ है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री साईं निजी आईटीआई के निदेशक अरुण सिंघल ने कहा कि यह सफलता संस्थान की उत्कृष्ट शिक्षण शैली, अनुशासित माहौल और बच्चों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में कदम रखने पर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस गौरवशाली उपलब्धि के उपलक्ष्य में संस्थान परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

चयनित अभ्यर्थियों का हुआ भव्य स्वागत: सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गवर्नमेंट आईटीआई अजमेर के ग्रुप इंस्ट्रक्टर श्रवण सोनी उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में गवर्नमेंट आईटीआई अजमेर के ग्रुप इंस्ट्रक्टर रामदेव चौधरी व राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड के एईएन (AEN) सुनील कुमार शर्मा ने शिरकत की। कार्यक्रम में गवर्नमेंट आईटीआई केकड़ी के कनिष्ठ अनुदेशक राजेश यादव सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता संस्थान के चेयरमैन अरुण सिंघल ने की। समारोह के दौरान अतिथियों सहित संस्थान के अनुदेशक ओम प्रकाश जांगिड़, दीपक टेलर व रामसिंह गौड़ ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर बधाई दी। वक्ताओं ने कहा कि इस बड़ी सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में यह संस्थान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहा है।


