केकड़ी, 09 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बजट घोषणा 2026 के तहत राज्य सरकार ने वाहन स्वामियों को बड़ी राहत दी है। मुख्यालय द्वारा जारी एमनेस्टी योजना के अंतर्गत कृषि ट्रैक्टर व दोपहिया वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र (आरसी) के नवीनीकरण पर लगने वाली शास्ति (पेनल्टी) में शत प्रतिशत की छूट प्रदान की गई है। इस बड़ी राहत के साथ ही परिवहन विभाग ने कड़ा रुख भी अख्तियार कर लिया है। बिना पंजीयन व आरसी समाप्त होने के बावजूद सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है।

हजारों वाहन स्वामियों को मिलेगा एमनेस्टी योजना का लाभ: इस योजना से क्षेत्र के हजारों वाहन मालिकों को सीधा लाभ मिलेगा। जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ) प्रमोद लोढ़ा ने वाहन मालिकों से आग्रह किया है कि वे बिना किसी देरी के अपने वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र का नवीनीकरण करवा लें व पेनल्टी में मिल रही पूरी छूट का फायदा उठाएं। उन्होंने बताया कि यह एमनेस्टी योजना एक सीमित समय के लिए लागू की गई है। यदि इस अवधि में योजना का लाभ नहीं उठाया गया, तो वाहन स्वामियों को बाद में भारी पेनल्टी व कानूनी कार्यवाही का सामना करना पड़ सकता है।

जुलाई मध्य से पुलिस व परिवहन विभाग की संयुक्त सख्त चेकिंग: डीटीओ प्रमोद लोढ़ा ने सख्त चेतावनी देते हुए बताया कि जुलाई मध्य के बाद पुलिस विभाग तथा परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा संयुक्त रूप से एक विशेष और कड़ा चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान यदि सड़कों पर बिना पंजीयन रिन्यूअल कराए वाहन दौड़ते हुए पाए गए, तो उनके खिलाफ जब्त करने सहित भारी जुर्माने की कड़ी कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

