Homeराजनीतिमुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में, विधायक शत्रुघ्न...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में, विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कार्यकर्ताओं संग की समीक्षा

केकड़ी, 10 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के केकड़ी आगमन को लेकर प्रशासनिक व राजनीतिक स्तर पर तैयारियां अंतिम चरण में गई हैं। शुक्रवार को विधायक शत्रुघ्न गौतम ने जयपुर रोड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित विभिन्न संगठनों व कार्यकर्ताओं की बैठक में तैयारियों की गहन समीक्षा की व आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। विधायक गौतम ने बैठक में जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री महोदय की उपस्थिति से क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे और विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाओं को गति मिलेगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को भव्य व ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।

भीड़ प्रबंधन व यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश: समीक्षा बैठक के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वागत कार्यक्रम, मंच प्रबंधन और जनसभा स्थल से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आमजन में भारी उत्साह को देखते हुए उन्होंने भीड़ प्रबंधन और सुचारू यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इस मौके पर मौजूद विभिन्न व्यापारिक व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर अपने-अपने सुझाव साझा किए व आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

केकड़ी: मंडी परिसर स्थित सभा स्थल का जायजा लेते विधायक शत्रुघ्न गौतम, जिला कलक्टर लोकबंधु एवं पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला।

उच्चाधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का किया अवलोकन: मुख्यमंत्री के दौरे की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शुक्रवार को विधायक शत्रुघ्न गौतम, अजमेर जिला कलक्टर लोकबंधु व पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला सहित आला पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्य कार्यक्रम स्थल कृषि उपज मंडी का संयुक्त अवलोकन किया। अधिकारियों ने मौके पर ही सुरक्षा, बैठक व्यवस्था व हेलीपैड निर्माण को लेकर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं व जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस व प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES