Homeक्राइम न्यूजसड़कों पर बजरी माफिया का खौफनाक खेल: स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, टक्कर...

सड़कों पर बजरी माफिया का खौफनाक खेल: स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, टक्कर से टूटा बिजली का पोल, ग्रामीणों को दी धमकी

केकड़ी, 12 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): खारी व डाई नदी में अवैध बजरी खनन का मामला लंबे समय से सुर्खियों में है। अब इस अवैध कारोबार के साथ सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी का नया और खतरनाक ट्रेंड भी जुड़ गया है। पुराने कोटा रोड का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बजरी से ओवरलोड तीन ट्रैक्टरों के चालक चलते वाहनों पर खड़े होकर स्टंट करते व रील बनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में चालक बेखौफ होकर स्टेयरिंग छोड़ते दिखाई दे रहे हैं, जिससे न केवल यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना हो रही है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी जोखिम में पड़ रही है। वायरल वीडियो ने क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन और कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हादसों को दे रहे न्योता: स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में पहले से ही ओवरलोड बजरी वाहनों के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। ऐसे में सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की स्टंटबाजी किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय लोगों के अनुसार अवैध बजरी का कारोबार अब चोरी-छिपे नहीं, बल्कि खुलेआम संचालित हो रहा है। सोशल मीडिया पर स्टंट करते हुए वीडियो डालना इस बात का संकेत है कि कानून का भय लगातार कम होता जा रहा है। लोगों का कहना है कि अवैध बजरी से भरे ओवरलोड ट्रैक्टर दिन-रात सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे आमजन की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।

केकड़ी: मोलकिया के पास अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से टूटा विद्युत पोल।

मोलकिया के पास बड़ा हादसा टला: रविवार को मोलकिया गांव के निकट अवैध बजरी से भरे एक ट्रैक्टर ने बिजली के पोल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पोल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। गनीमत रही कि उस समय सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था और कोई राहगीर बिजली लाइन की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। संयोगवश रविवार होने के कारण स्कूलों का अवकाश था, जिससे बच्चों की आवाजाही भी कम रही और संभावित जनहानि टल गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। बिजली लाइन बंद रहने के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।

ग्रामीणों को धमकाने का आरोप: ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने घटना का विरोध किया और अवैध बजरी परिवहन रोकने की बात कही तो संबंधित लोगों ने उन्हें धमकाया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें कहा गया कि यदि किसी ने अवैध बजरी का विरोध किया या ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया तो उसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों और घटनाओं के बावजूद अवैध बजरी परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उनका कहना है कि इसी कारण बजरी माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। वायरल वीडियो और मोलकिया की घटना के बाद लोगों ने पुलिस एवं प्रशासन से अवैध बजरी खनन, ओवरलोड वाहनों और स्टंटबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES