Homeचिकित्सासात दिवसीय निःशुल्क पंचकर्म व कॉर्न निवारण शिविर शुरू, पहले दिन 110...

सात दिवसीय निःशुल्क पंचकर्म व कॉर्न निवारण शिविर शुरू, पहले दिन 110 मरीजों ने कराया पंजीयन, 67 को मिला उपचार

केकड़ी, 14 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल व आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सात दिवसीय निःशुल्क पंचकर्म व कील (कॉर्न) निवारण शिविर का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। अजमेरी गेट स्थित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय में आयोजित इस शिविर के पहले ही दिन बड़ी संख्या में मरीजों ने भाग लेकर आयुर्वेदिक चिकित्सा का लाभ उठाया। प्रथम दिवस में कुल 110 मरीजों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 67 मरीजों को गहन उपचार प्रदान किया गया। उपचार के बाद मरीजों ने दर्द से राहत मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चिकित्सकों व आयोजकों का आभार जताया। शिविर के उद्घाटन समारोह में भामाशाह बंशीलाल जांगिड़ मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन व वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति है। ऐसे निःशुल्क शिविर समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।

कई रोगों का हुआ इलाज: कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल व आयुर्वेद विभाग के इस जनसेवा कार्य की सराहना करते हुए शिविर संचालन के सामाजिक क्षेत्र के लिए अनुक​रणीय पहल बताया। शिविर में गठिया (वात रोग), कमर दर्द, गर्दन दर्द, माइग्रेन व लकवा सहित विभिन्न पुराने व जटिल रोगों का पंचकर्म विशेषज्ञों द्वारा उपचार किया गया। इसके साथ ही पैरों में होने वाली कील (कॉर्न), आंटण व अन्य शल्य रोगों का अग्निकर्म विधि से सफल उपचार किया गया। पहले दिन 62 मरीजों का पंचकर्म व 5 मरीजों का अग्निकर्म के माध्यम से उपचार किया गया। मरीजों को आवश्यक आयुर्वेदिक दवाइयां व चिकित्सकीय परामर्श भी निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।

केकड़ी: शिविर के उद्घाटन समारोह में मौजूद लोग।

चिकित्सकीय दल व संगठन पदाधिकारियों ने निभाई भूमिका: शिविर संचालन में आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रभारी व प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू, शिविर प्रभारी डॉ. अजय फुलवरिया, डॉ. रंजना जैन, डॉ. चंपालाल, डॉ. अमित, डॉ. कमलेश गुर्जर, डॉ. रेखा ढाका, डॉ. शिवराज जाट, डॉ. लोकेश धाकड़, डॉ. धर्मीचंद नापित, मनमोहन नामा, राजकुमार, मुकेश व शैलेंद्र जोशी सहित चिकित्सा दल ने सेवाएं दीं। इस दौरान विश्व हिन्दू परिषद के जिला उपाध्यक्ष हीराचंद खूंटेटा, जिला सत्संग प्रमुख काशीराम विजय, जिला गौरक्षा प्रमुख रामअवतार चौधरी, नगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजय, नगर मंत्री मुकेश शर्मा एडवोकेट, प्रखंड उपाध्यक्ष ज्ञानदेव शर्मा, नगर सह मंत्री ओमप्रकाश सोनी, नगर सह मंत्री राजेंद्र फतेहपुरिया, दिनेश वैष्णव, मदनलाल चौधरी, सीटू साहू व देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES