केकड़ी, 14 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय जिला अस्पताल के रक्तकोष (ब्लड बैंक) में ओ पॉजिटिव रक्त की अत्यंत आवश्यकता होने व एक महिला मरीज की स्थिति गंभीर होने की सूचना पर दो रक्तदाताओं ने तत्काल रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की है। अस्पताल के रक्तकोष विभाग के सीनियर अधिकारी डॉ. लोकेश धाकड़ से सूचना मिलते ही भारत विकास परिषद के रक्तदान प्रकल्प प्रभारी दिनेश वैष्णव सक्रिय हो गए। उन्होंने तत्काल ओ पॉजिटिव रक्तदाताओं से संपर्क साधा। सिर्फ एक फोन कॉल पर रक्तवीर रामप्रसाद प्रजापत व महेंद्र प्रजापत बिना किसी हिचकिचाहट के तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और अपना बहुमूल्य ओ पॉजिटिव रक्तदान कर अनजान महिला मरीज की जान बचाई। समय पर रक्त मिलने से महिला का उपचार सुचारू रूप से शुरू हो सका।

मानवता को माना सर्वोपरि: विशेष बात यह रही कि दोनों रक्तदाताओं का पीड़ित परिवार से कोई परिचय नहीं था, उन्होंने केवल मानवता को सर्वोपरि मानते हुए यह योगदान दिया। रक्तकोष विभाग के सीनियर लैब टेक्नीशियन महावीर विजयवर्गीय ने दोनों रक्तदाताओं के त्वरित सहयोग की सराहना की व आपातकालीन परिस्थितियों में इस सेवाभाव को जीवनदायी बताया। उन्होंने रक्तदान अभियान में सहयोग के लिए दिनेश वैष्णव का भी आभार व्यक्त किया। रक्तदान प्रक्रिया में ब्लड सेंटर के लैब टेक्नीशियन महावीर झाकल, सुरेश सुराणा व अंकित जाखड़ ने सहयोग प्रदान किया। रक्तदान के बाद रामप्रसाद प्रजापत व महेंद्र प्रजापत ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। हमारा थोड़ा सा समय व संवेदना किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकती है।


