केकड़ी, 15 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री जैन श्वेताम्बर तपागच्छ मूर्तिपूजक संघ के तत्वावधान में बुधवार को साध्वी विपुल-विवेक माला श्रीजी म. सा. की सुशिष्या विशेषमाला श्रीजी म.सा. आदि ठाणा 13 का चातुर्मास के लिए मंगल प्रवेश हुआ। प्रवेश यात्रा शुरू होने से पहले बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने पुराना कोटा रोड पर साध्वी मंडल की अगवानी की। श्रद्धालुओं ने गगनभेदी जयघोष के साथ साध्वीवृंद का स्वागत किया व वंदन-अभिनंदन कर धर्म लाभ प्राप्त किया। नवकारसी के बाद भव्य जुलूस निकाला गया, जो पुराना कोटा रोड से रवाना होकर बस स्टैंड, कचहरी रोड, तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घंटाघर, चंद्रप्रभु मंदिर, सदर बाजार, शीतलनाथ जिनालय व गणेश प्याऊ होते हुए सब्जी मंडी स्थित उपाश्रय भवन पहुंचा। जुलूस के दौरान मार्ग में जगह-जगह साध्वी मंडल की गहुंली बनाकर भावभीनी अगवानी की गई।

धर्मसभा का आयोजन: उपाश्रय भवन में मंगल प्रवेश के बाद सब्जी मंडी स्थित कुशल भवन में धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा में साध्वी विशेषमाला श्रीजी को कामली ओढ़ने का सौभाग्य रिखब चंद रवि कुमार सोनी परिवार को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत में बालिका मंडल ने मंगलाचरण नृत्य व चंद्रशीतल महिला मंडल ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर खरतरगच्छ संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंघवी, ज्ञानचंद सुराना, महेंद्र धम्माणी, पुखराज मांडोत बिजयनगर, विमल कोठारी बिजयनगर, अंकिता ताथेड़ व सरोज तातेड़ आदि ने अपने विचार व्यक्त किए। संचालन रिखब चंद धम्माणी ने किया।

मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ: धर्मसभा को संबोधित करते हुए साध्वी विशेषमाला श्रीजी ने कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है व इसे सार्थक बनाने के लिए धर्म व साधना का मार्ग अपनाना आवश्यक है। चातुर्मास का समय आत्म-निरीक्षण, तप, जप व संयम का महापर्व है। इन चार महीनों में हमें अपनी सांसारिक व्यस्तताओं से थोड़ा समय निकालकर अंतर्यात्रा करनी चाहिए। क्रोध, मान, माया व लोभ का त्याग कर क्षमा व करुणा को जीवन में धारण करना ही सच्ची धर्म आराधना है। जब हमारा मन पवित्र व शांत होगा, तभी आत्मा का कल्याण संभव है।

6 का केकड़ी व 7 का बिजयनगर में होगा चातुर्मास: कार्यक्रम में सूरत, अहमदाबाद, ब्यावर व बिजयनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए व साध्वीवृंद से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। धर्मसभा के बाद संस्था भवन में स्वामी वात्सल्य (गौतम प्रसादी) का आयोजन हुआ, जिसका सौभाग्य राजेंद्र कुमार सुरेंद्र कुमार धूपिया परिवार ने प्राप्त किया। संघ मंत्री महेंद्र धम्माणी ने बताया कि साध्वी मंडल में शामिल 13 साध्वियों में से 6 साध्वियों का चातुर्मास केकड़ी में व 7 का चातुर्मास बिजयनगर में होगा। बिजयनगर में चातुर्मास करने वाले साध्वी मंडल का केकड़ी से मंगल विहार गुरुवार को होगा।


