Homeक्राइम न्यूजछह साल की मासूम से छेड़छाड़ पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, बाइक...

छह साल की मासूम से छेड़छाड़ पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, बाइक तोड़कर कुएं में फेंकी; पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

केकड़ी, 16 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर जिले के भिनाय थाना क्षेत्र के एक गांव में 6 साल की मासूम से छेड़छाड़ को लेकर बुधवार रात तनाव फैल गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी की बाइक में तोड़फोड़ कर उसे कुएं में फेंक दिया। वहीं ग्रामीणों के विरोध के बीच 68 वर्षीय आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति को संभाला व तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने देर रात आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

क्या है मामला: पुलिस से प्राप्त जानकारी के के अनुसार भिनाय थाना क्षेत्र के इस गांव में एक व्यक्ति पर 6 साल की मासूम से छेड़छाड़ करने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया व लोगों को आता देख आरोपी मौके से भाग निकला। इस दौरान ग्रामीणों ने मौके पर खड़ी एक बाइक को आरोपी की बताकर निशाना बनाया व उसे कुएं में फेंक दिया, जिससे गांव का माहौल गरमा गया।

मुकदमा दर्ज, जांच शुरू: सूचना मिलते ही एहतियात के तौर पर भिनाय, सरवाड़, केकड़ी, सराना व सावर समेत आसपास के थाना क्षेत्रों का पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। मौके पर एडिशनल एसपी राजेश कुमार मील, डीएसपी हर्षित शर्मा, भिनाय थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह, सरवाड़ थाना प्रभारी रामपाल शर्मा, सराना थाना प्रभारी नाहर सिंह मीणा व सावर थाना प्रभारी बनवारीलाल मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस की मुस्तैदी से फिलहाल गांव में माहौल शांतिपूर्ण है। पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

RELATED ARTICLES