केकड़ी, 17 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लायंस क्लब केकड़ी की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार शाम को होटल लक्ष्मी पैलेस में आयोजित किया जाएगा। समारोह के दौरान नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश स्वरूप मेवाड़ा के नेतृत्व में कार्यकारिणी को विधिवत पदभार ग्रहण करवाने के साथ ही क्लब की आगामी जनसेवा गतिविधियों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की जाएगी। क्लब प्रशासक लायन दिनेश गर्ग ने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व प्रांतपाल लायन सुरेश गोयल होंगे, जबकि पदस्थापना अधिकारी के रूप में पूर्व बहुप्रांतीय अध्यक्ष व पूर्व प्रांतपाल लायन अविनाश शर्मा नवगठित टीम को शपथ दिलाएंगे।

सेवा के कारवां में जुड़ेंगे नए साथी: मेंबरशिप चेयरपर्सन सतीश मालू के अनुसार इस विशिष्ट अवसर पर क्लब परिवार का दायरा बढ़ाते हुए शामिल किए गए 24 नए सदस्यों को लायंस की सेवा, सहयोग व समर्पण की शपथ दिलाई जाएगी। समारोह में वरिष्ठ लायंस पदाधिकारी, विशिष्ट अतिथि, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहेंगे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश मेवाड़ा ने क्लब के सभी सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि लायंस क्लब केकड़ी मानव सेवा, सामाजिक सरोकार व जनकल्याण के पुनीत कार्यों को नई ऊर्जा तथा व्यापक जन-सहभागिता के साथ निरंतर आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह संकल्पित रहेगा।


