केकड़ी, 29 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां शहर थाने के सामने स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में अज्ञात चोरों के दुस्साहस का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने विद्यालय परिसर में घुसकर ब्यूटी एंड वेलनेस लैब से 43 इंच की एलईडी टीवी चोरी कर ली व कमरा नंबर 02 का ताला तोड़कर अक्षय पेटिका में रखे 5 से 6 हजार रुपए समेटकर फरार हो गए। घटना का पता चलते ही विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की। पुलिस ने प्रधानाचार्य की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शनिवार को सब ठीक था, सोमवार को खुला राज: प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को विद्यालय की ब्यूटी एंड वेलनेस लैब बंद करते समय सभी सामान सुरक्षित व व्यवस्थित था। सोमवार को विद्यालय समय में जब लैब प्रभारी वहां पहुंचे तो लैब पर ताला गायब था तथा केवल कुंडी लगी हुई थी। अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा मिला व एलईडी गायब थी। इसके बाद जब अन्य कमरों की जांच की गई, तो कमरा नंबर 02 का ताला भी टूटा मिला। चोरों ने वहां रखी अक्षय पेटिका (जिसमें भामाशाहों द्वारा सहयोग राशि डाली जाती है) का ताला तोड़कर उसमें से करीब 5 से 6 हजार रुपए निकाल लिए व खाली पेटिका को विद्यालय परिसर में ही फेंक कर फरार हो गए।

थाने के ठीक पास चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल: इस पूरी घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस विद्यालय को चोरों ने अपना निशाना बनाया, वह शहर थाने से महज चंद कदम की दूरी पर स्थित है। पुलिस थाने के इतने नजदीक स्थित सरकारी विद्यालय में बेखौफ होकर चोरी की वारदात को अंजाम देना सुरक्षा व गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने प्रधानाचार्य हेमन पाठक की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई चिम्मन लाल के जिम्मे की गई है।

