केकड़ी, 29 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री चारभुजा नाथ मंदिर प्रबंधन कार्यकारिणी समिति की ओर से मंदिर हित से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण विषय पर विचार-विमर्श के लिए आगामी 31 जुलाई (शुक्रवार) को रात्रि 8 बजे पुरानी स्थिति श्री चारभुजा नाथ मंदिर परिसर में एक आम बैठक का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार बैठक का मुख्य एजेंडा पुराना कोटा रोड स्थित मंदिर की लगभग ढाई बीघा बेशकीमती भूमि का संरक्षण व उसकी भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करना है।

समाज का सहयोग जरूरी: समिति ने इस भूमि को मंदिर की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि इसके उचित रखरखाव व विकास के लिए समाज के सभी श्रद्धालुओं के सुझाव और सहयोग की नितांत आवश्यकता है। समिति ने नगर के सभी आस्थावान भक्तों, धर्मप्रेमी नागरिकों व समाजजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में बैठक में पहुंचकर अपने बहुमूल्य सुझाव दें। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि समाज के सामूहिक सहयोग, मार्गदर्शन व सहभागिता से ही मंदिर के उज्ज्वल भविष्य, संरक्षण व समग्र विकास के लिए सकारात्मक व दूरगामी निर्णय लिए जा सकेंगे।

