केकड़ी, 03 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर रोड स्थित लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में सोमवार को स्मार्ट निवेश जागरूकता कार्यक्रम के तहत सेमिनार का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को निवेश, वित्तीय साक्षरता व पूंजी बाजार के प्रति जागरूक करना था। सेमिनार में सेबी (SEBI) से जुड़े विशेषज्ञ अमित बिरला ने अपने प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित व समझदारीपूर्ण निवेश के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, निवेश से जुड़े जोखिम, साइबर धोखाधड़ी से बचाव व वित्तीय योजना बनाने के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया व निवेश से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका अमित बिरला ने सरल व व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समाधान किया।

आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल: महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ज्ञानचंद जांगिड़ ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को आर्थिक रूप से सशक्त व जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने अतिथि वक्ता का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के ज्ञानवर्धक आयोजन जारी रखने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को कोई भी वित्तीय निर्णय लेने से पहले पूरी जानकारी जुटाने व सुरक्षित निवेश के सिद्धांतों का पालन करने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

