केकड़ी, 08 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कोटा से अजमेर जा रही केकड़ी डिपो की रोडवेज बस शुक्रवार देर रात गुलगांव टोल नाके के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। बस चालक के शराब के नशे में धुत होने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के समय टोल डिवाइडर के पास बैठे टोलकर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि बस पलटने से बच गई व बड़ा हादसा टल गया। बस में महिला-बच्चों समेत कई यात्री सवार थे। यात्रियों के अनुसार चालक कोटा से ही अत्यधिक नशे में था, जहां उसने तीन लोगों को टक्कर मारते-मारते बचाया।

यात्रियों में मची चीख-पुकार: रास्ते में भी तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए वह कई हादसों का कारण बनते-बनते बचा। यात्रियों द्वारा सावधानी से गाड़ी चलाने के आग्रह पर चालक ने बात मानने के बजाय नशे में बस की रफ्तार व बढ़ा दी। अंततः गुलगांव टोल के पास नियंत्रण खोने से बस सीधे डिवाइडर से टकरा गई। अचानक हुई जोरदार टक्कर से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद चालक ने बस को टोल नाके पर ही खड़ा कर दिया।

यात्रियों को हुई परेशानी: देर रात घटित इस घटना से यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में यात्रियों को दूसरी बसों के माध्यम से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पीड़ित यात्रियों ने आरोपी चालक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही रोडवेज प्रबंधन से मांग की गई है कि ड्यूटी पर तैनात करने से पूर्व चालकों की अल्कोहल जांच अनिवार्य की जाए व नशे में वाहन चलाने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाए।

