केकड़ी, 08 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): द वाइब्रेंट अकादमी में आयोजित हाउस कैप्टन व वाइस कैप्टन के डिजिटल चुनाव के परिणाम शनिवार को घोषित किए गए। विद्यालय के चारों हाउस वेलर, विजन, लेगेसी व ग्लोरी के विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान कर अपने प्रतिनिधियों का चुनाव किया। चुनाव में आराध्या जोशी (वेलर हाउस), अनुष्का कुमावत (विजन हाउस), अंशिका जोशी (लेगेसी हाउस) व मोनिश मूंदड़ा (ग्लोरी हाउस) कैप्टन चुने गए। वहीं वाइस कैप्टन पद पर विवान पारीक (वेलर हाउस), दक्ष नुहाल (विजन हाउस), अन्वी शर्मा (लेगेसी हाउस) व वाणी मित्तल (ग्लोरी हाउस) विजेता रहे।

डिजिटल माध्यम से हुए चुनाव: चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी व शिक्षक केशव मेघवंशी के निर्देशन में डिजिटल माध्यम से संपन्न हुई। प्रक्रिया के डिजिटलीकरण व परिणामों को व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करने में विद्यार्थी मो. जैद व रैहान कबीर का विशेष योगदान रहा। विद्यालय निदेशक रितिक मेवाड़ा ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चुनाव जीतना विद्यार्थी जीवन में आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रमाण है। मुख्य प्रबंधक डॉ. महेन्द्र सिंह डूडी ने कहा कि ऐसी प्रक्रियाएं विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन व उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती हैं।


