Homeचिकित्सानिजी स्कूल के कई बच्चे तेज बुखार की चपेट में: दो में...

निजी स्कूल के कई बच्चे तेज बुखार की चपेट में: दो में ब्रुसेला संक्रमण की पुष्टि, परिजनों में दहशत का माहौल

केकड़ी, 09 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर के एक निजी विद्यालय के कई विद्यार्थियों के पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज बुखार से पीड़ित होने का मामला सामने आया है। इनमें से दो बच्चों की जांच में ब्रुसेला संक्रमण की पुष्टि होने से अभिभावकों व प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय के कई बच्चे लगातार तेज बुखार की शिकायत के साथ राजकीय जिला अस्पताल पहुंच रहे थे। इलाज के बावजूद कई दिनों तक बुखार उतरने-चढ़ने पर परेशान परिजनों ने स्कूल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

चिकित्सालय पहुंचे अधिकारी, जांच शुरू: घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल सीबीईओ बहादुर सिंह शक्तावत व रणजीत चौधरी ने विद्यालय तथा जिला अस्पताल पहुंचकर बच्चों के उपचार व स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी जुटाई। अस्पताल रिकॉर्ड में स्कूल का विवरण दर्ज न होने से पीड़ितों की आधिकारिक संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा संक्रमण के मुख्य कारणों व स्रोत की जांच की जा रही है।

अजमेर व जयपुर में हुई ब्रुसेला की पुष्टि: बताया जा रहा है कि करीब नौ दिनों से बुखार से पीड़ित एक बच्चे को परिजन अजमेर के निजी अस्पताल ले गए, जहां ब्रुसेला संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती एक अन्य बच्ची की जांच रिपोर्ट भी शनिवार शाम पॉजिटिव आते ही परिजन उसे जयपुर ले गए। वर्तमान में कई बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। एक ही विद्यालय के बच्चों में ब्रुसेला संक्रमण व लंबे समय से बुखार की शिकायत के बाद अभिभावकों में चिंता व दहशत का माहौल है।

RELATED ARTICLES