केकड़ी, 10 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर जिला एवं सेशन न्यायाधीश विक्रांत गुप्ता के सोमवार को केकड़ी आगमन पर बार एसोसिएशन केकड़ी की ओर से भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान बार व बैंच के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को मजबूत करने तथा न्यायालय से जुड़ी स्थानीय समस्याओं के समाधान पर सकारात्मक चर्चा हुई। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन अध्यक्ष सीताराम कुमावत, उपाध्यक्ष द्वारका प्रसाद पंचोली, महासचिव समकित जैन, कोषाध्यक्ष रविशंकर पंवार, पुस्तकालय अध्यक्ष आदित्य भान सिंह राठौड़, वित्त सचिव फरीद खान तथा कार्यकारिणी सदस्य विजेंद्र पाराशर, धर्मेंद्र मेघवंशी, अमित बसेर, भारती पोपटानी, आशा पाराशर व सानिया सैन ने जिला एवं सेशन न्यायाधीश विक्रांत गुप्ता का साफा व माला पहनाकर अभिनंदन किया।

बार-बैंच के रिश्तों में बढ़ेगी मिठास: समारोह को संबोधित करते हुए बार अध्यक्ष सीताराम कुमावत ने कहा कि बार और बैंच के रिश्तों में और अधिक मिठास बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि बार और बैंच एक-दूसरे के पूरक हैं और दोनों का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुगम व शीघ्र न्याय दिलाना है। कुमावत ने जिला जज के समक्ष न्यायालय परिसर में बरसाती पानी भराव की समस्या, कैंटीन का शीघ्र संचालन और केकड़ी में एससी-एसटी कोर्ट की स्थापना की मांगें रखीं।

दो सप्ताह में कैंटीन शुरू करने का आश्वासन: जिला एवं सेशन न्यायाधीश विक्रांत गुप्ता ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि आपकी समस्याओं का निस्तारण करवाना मेरी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने दो सप्ताह के भीतर कैंटीन शुरू कराने, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान ढूंढने और एससी-एसटी कोर्ट की स्थापना के लिए हाईकोर्ट प्रशासन को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया।

वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने की कार्यशैली की सराहना: समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता चेतन धाभाई, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं मनोज आहूजा ने जिला जज की कार्यशैली की सराहना की। इस दौरान एडीजे प्रवीण वर्मा, एडीजे जयमाला पानीगर तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट मोहम्मद शारिक का भी बार एसोसिएशन द्वारा अभिनंदन किया गया। पूर्व बार अध्यक्ष मनोज आहूजा के नेतृत्व में अधिवक्ता चेतन धाभाई, हेमंत जैन, भूपेंद्र सिंह राठौड़ व रामअवतार मीणा ने जिला जज को स्मृति चिन्ह भेंट किया। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता राम अवतार मीणा ने किया।

