केकड़ी, 13 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केकड़ी सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 43 किलो 500 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार 13 अगस्त को नाकाबंदी एवं विशेष टास्क कार्रवाई के दौरान ग्राम बोगला से पुराने कोटा रोड, देवली की तरफ से बोगला की ओर तेज गति से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार को कृष्ण गोपाल कालेड़ा पावर हाउस के पास रोकने का प्रयास किया गया।

वाहन व डोडा पोस्त जब्त: कार चालक ने नाकाबंदी तोड़कर आगे निकलने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रुकवाया। तलाशी लेने पर वाहन से प्लास्टिक के दो कट्टों में कुल 43 किलो 500 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कटसूरा थाना अराई जिला अजमेर निवास महेंद्र चोयल (20) पुत्र रामदयाल जाट व हंसराज जाट (20) पुत्र कानाराम एवं सिंधोलिया थाना लाम्बाहरिसिंह जिला टोंक निवासी विकास बैरवा पुत्र हरिराम को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच सराना थानाधिकारी नाहर सिंह मीणा के जिम्मे की गई है।

नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही पुलिस: पुलिस आरोपियों से डोडा पोस्त की तस्करी से जुड़े अन्य संभावित लोगों एवं नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी मुकेश गोरा, एएसआई विश्राम, एएसआई रमेश, एएसआई राकेश, हेड कांस्टेबल विजय सिंह, बंशीलाल व राजकिरण सिंह एवं कांस्टेबल जीतराम, रामजीलाल, महेन्द्र, हितेश व मनीष कुमार ने अहम भूमिका निभाई है।

