Homeक्राइम न्यूजसड़क हादसे में युवक की मौत पर फूटा आक्रोश: अजमेर-कोटा हाईवे पर...

सड़क हादसे में युवक की मौत पर फूटा आक्रोश: अजमेर-कोटा हाईवे पर लगाया जाम, दो घंटे चले प्रदर्शन के बाद बनी मांगों पर सहमति

केकड़ी, 14 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर-कोटा राजमार्ग पर भांडावास के निकट गुरुवार को कार की टक्कर से स्कूटी सवार घटियाली निवासी प्रधान गुर्जर की मौत के मामले में शुक्रवार को गुर्जर समाज का आक्रोश फूट पड़ा। आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई सहित विभिन्न मांगों को लेकर समाज के सैकड़ों लोगों ने राजकीय जिला अस्पताल के बाहर धरना दिया और बाद में अजमेर-कोटा राजमार्ग पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे तक हाईवे जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने यातायात को रिंग रोड के रास्ते डायवर्ट किया। गुर्जर समाज के लोग सुबह से ही अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे थे। प्रदर्शनकारियों ने सड़क हादसे में प्रधान गुर्जर की मौत के लिए जिम्मेदार आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ उचित कार्रवाई सहित अन्य मांगें रखीं। मांगों को लेकर समाज के लोगों में खासा आक्रोश नजर आया।

केकड़ी: प्रदर्शन की सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी व जवान।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी: मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। काफी देर तक वार्ता के बावजूद करीब 11.30 बजे तक मांगों पर सहमति नहीं बनने पर आक्रोशित समाज के लोग अजमेर-कोटा राजमार्ग पर बैठ गए और जाम लगा दिया। हाईवे पर जाम लगने से यातायात प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे बाद प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच विभिन्न मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद गुर्जर समाज के लोगों ने जाम हटा लिया और यातायात सुचारू कराया गया। मांगों पर सहमति बनने के बाद मृतक प्रधान गुर्जर का शव अस्पताल की मोर्चरी से परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।

केकड़ी: अजमेर कोटा हाईवे पर जाम में फंसे वाहन।

ये रहे मौजूद: प्रदर्शन के दौरान सरपंच प्रतिनिधि सांवरलाल गुर्जर, एडवोकेट मुकेश गुर्जर, रंगलाल गुर्जर, किशन गुर्जर, देवसेना अध्यक्ष पृथ्वीराज गुर्जर, जालिम सिंह गुर्जर, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजेंद्र गुर्जर, हंसराज गुर्जर, शिशुपाल गुर्जर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य लेखराज गुर्जर, हेमराज गुर्जर, भोपाल गुर्जर सहित गुर्जर समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। गुर्जर समाज के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। एएसपी राजेश कुमार मील, नसीराबाद डीएसपी लक्ष्मणराम, केकड़ी सिटी सीआई जगदीश चौधरी, सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा सहित केकड़ी सिटी, केकड़ी सदर, सावर, सरवाड़, सराना, भिनाय, नसीराबाद सिटी, नसीराबाद सदर और श्रीनगर थाना पुलिस का जाब्ता मौके पर तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और मांगों पर सहमति के बाद यातायात बहाल कराया गया।

RELATED ARTICLES