Homeक्राइम न्यूजरात के अंधेरे में स्मैक बेचने की फिराक में घूम रही नाबालिग...

रात के अंधेरे में स्मैक बेचने की फिराक में घूम रही नाबालिग लड़की निरुद्ध, 9.67 ग्राम पाउडर जब्त

केकड़ी, 15 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़की को निरुद्ध किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 09.67 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक पाउडर बरामद किया है। थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा ने बताया कि रात्रिकालीन गश्त के दौरान एक लड़की देर रात्रि पंडेर रोड पर पैदल जाती नज़र आई। पुलिस की गाड़ी को देखकर उसने छिपने व भागने का प्रयास किया। गतिविधि संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने रात्रि में स्मैक बेचने के इरादे से घूमना तथा अपने पास स्मैक होना स्वीकार किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की के कब्जे से कुल 09.67 ग्राम स्मैक पाउडर जब्त कर उसे निरुद्ध कर लिया।

प्रकरण दर्ज, पूछताछ जारी: इस संबंध में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस अब अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहनता से अनुसंधान कर रही है। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी बनवारी लाल मीणा, एएसआई नारायण सिंह, कांस्टेबल राकेश कुमार, शिवप्रकाश व महेन्द्र कुमार, चालक कांस्टेबल लोकेश एवं महिला कांस्टेबल नाजमीन बानो ने अहम भूमिका निभाई है।

RELATED ARTICLES