Homeक्राइम न्यूजवृद्ध महिला से नाक की नथ छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात...

वृद्ध महिला से नाक की नथ छीनने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त वाहन जब्त

केकड़ी, 26 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने वृद्ध महिला से नाक की नथ छीनकर फरार होने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई नाक की नथ के टुकड़े बरामद किए हैं। वारदात में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार 20 अगस्त 2026 को परिवादी राजेश कुमार जाट निवासी कैरोट ने भिनाय थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी 65 वर्षीय बड़ी माताजी गीता देवी जाट अपने निजी नाहरे पर काम कर रही थीं। इसी दौरान करीब 11 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उन्हें अकेला देखकर वहां पहुंचे और उनकी नाक की नथ छीन ली। आरोपियों ने वृद्ध महिला को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और मौके से फरार हो गए। रिपोर्ट पर भिनाय थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। घटना की जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कैरोट निवासी ओमप्रकाश बैरवा (25) पुत्र शंकरलाल बैरवा व रामेश्वर तेली (30) पुत्र शंकरलाल तेली को गिरफ्तार कर लिया।

नथ के टुकड़े बरामद: पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान वारदात में छीनी गई नाक की नथ के टुकड़े बरामद किए। साथ ही घटना में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल को भी बतौर साक्ष्य जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में की गई इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, एसआई रामप्रसाद, हेड कांस्टेबल मनमोहन, हेड कांस्टेबल भागचन्द, कांस्टेबल सुरेशचन्द, कांस्टेबल ओमसिंह व कांस्टेबल सुमित कुमार ने अहम भूमिका निभाई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ओमप्रकाश बैरवा के खिलाफ भिनाय थाने में पूर्व में भी कई प्रकरण दर्ज हैं। इनमें मारपीट, महिला से छेड़छाड़, चोरी, धमकी सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ वर्ष 2020, 2021 और 2022 में दर्ज प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं।

RELATED ARTICLES