Homeशासन प्रशासनकेकड़ी नगर पालिका चुनाव: जांच में 44 नामांकन खारिज, 4 मर्ज, 120...

केकड़ी नगर पालिका चुनाव: जांच में 44 नामांकन खारिज, 4 मर्ज, 120 प्रत्याशी मैदान में; प्रचार का शोर शुरू

केकड़ी, 01 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नगर पालिका चुनाव में पार्षद पद के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया मंगलवार को सम्पन्न हो गई। निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई सहित संबंधित अधिकारियों ने नगर पालिका के 40 वार्डों के लिए प्राप्त कुल 168 नामांकन पत्रों की जांच की। जांच के बाद 44 नामांकन पत्र खारिज व 4 नामांकन मर्ज कर दिए गए, जबकि 120 नामांकन वैध पाए गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा की ओर से दाखिल 19 नामांकन पत्र, कांग्रेस के 24 तथा आरएलपी के 1 नामांकन पत्र पार्टी का अधिकृत चुनाव चिह्न (सिम्बल) नहीं होने के कारण खारिज किए गए। इसके अलावा 4 निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन पार्टी का टिकट मिलने के कारण मर्ज किए गए है। नामांकन पत्रों की जांच पूरी होने के साथ ही अब चुनावी मैदान में तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है।

प्रचार का शोर शुरू: नामांकन प्रक्रिया व जांच का दौर पूरा होते ही केकड़ी में चुनाव प्रचार का शोर भी शुरू हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने मतदाताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। भाजपा, कांग्रेस व आरएलपी के प्रत्याशियों ने मंगलवार को अपने समर्थकों के साथ बैठकें आयोजित कर आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की। वहीं टिकट नहीं मिलने अथवा पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय के रूप में मैदान में उतरने वाले बागी प्रत्याशियों को मनाने की कवायद भी तेज हो गई है।

बागियों को मनाने में जुटे दल: भाजपा व कांग्रेस के प्रमुख पदाधिकारी ऐसे प्रत्याशियों से संपर्क कर उन्हें पार्टी के पक्ष में लाने के प्रयास में जुटे हैं। साथ ही रूठे हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मान-मनौव्वल का दौर भी शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में प्रत्याशियों का जनसंपर्क अभियान और तेज होने के साथ ही वार्डों में चुनावी समीकरण बनने-बिगड़ने की संभावना है। अब सभी प्रमुख राजनीतिक दलों की नजर बागियों की भूमिका, निर्दलीय प्रत्याशियों की सक्रियता और वार्डवार चुनावी समीकरणों पर टिकी है।

RELATED ARTICLES