केकड़ी, 05 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में शिक्षक दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के पूर्व राष्ट्रपति व महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। समारोह में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनंद पाराशर ने डॉ. राधाकृष्णन की जीवनी व सिद्धांतों से मार्गदर्शन प्राप्त करने का आह्वान किया। सहायक आचार्य डॉ. रजनी ने विद्यार्थी जीवन में गुरु की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया, वहीं छात्रा स्नेहल ने समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा पर विचार व्यक्त किए।

करियर उन्नयन पर दिया जोर: अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) के. एल. मीणा ने विद्यार्थियों को गुरुओं से प्रेरणा लेते हुए करियर उन्नयन व उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की सीख दी। इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर तनु बसवाल, सहायक प्रोफेसर प्रवीण वर्मा व सहायक प्रोफेसर पुष्पेंद्र यादव सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, स्वयंसेवक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।


