केकड़ी, 08 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर-बीसलपुर परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों ने पिछले दो वर्षों से वेतन वृद्धि नहीं होने सहित विभिन्न मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का समाधान मंगलवार शाम 4 बजे तक नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार करेंगे तथा बुधवार सुबह 8 बजे से परियोजना के पम्प बंद करने का निर्णय लिया जाएगा। कर्मचारियों की ओर से VA Tech Wabag Ltd. के अजमेर-बीसलपुर परियोजना प्रबंधक तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशाषी अभियंता, परियोजना खण्ड प्रथम, केकड़ी को दिए गए पत्र में कहा गया है कि परियोजना में कई कर्मचारी पिछले 20-25 वर्षों से लगातार कार्यरत हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से उनकी वेतन वृद्धि नहीं की गई है, जिससे उनमें रोष व्याप्त है।

आश्वासन के बावजूद नहीं हुई वेतन वृद्धि: पत्र में कर्मचारियों ने बताया कि पूर्व में कंपनी द्वारा प्रतिवर्ष 10 से 15 प्रतिशत तक वेतन वृद्धि की जाती थी। उनका कहना है कि वर्तमान में दो वर्षों से वेतन वृद्धि नहीं मिलने के कारण प्रत्येक कर्मचारी को प्रतिमाह करीब 3 से 4 हजार रुपए की आर्थिक हानि हो रही है। कर्मचारियों ने प्रत्येक कर्मचारी के वेतन में 3 से 4 हजार रुपए प्रतिमाह की वृद्धि करने तथा पिछले दो वर्षों का एरियर दिलाने की मांग की है। कर्मचारियों के अनुसार वर्तमान मैनेजर सोहनपाल की ओर से अगस्त माह में वेतन वृद्धि किए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अगस्त माह में भी वेतन वृद्धि नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है। इसके अलावा कर्मचारियों ने सितंबर 2024 में L.K. Enterprises एवं Radha Construction को दिए गए पेटी कॉन्ट्रेक्ट से संबंधित एक वर्ष की ग्रेच्युटी दिलाने की मांग भी उठाई है।

पम्प बंद करने की चेतावनी: कर्मचारियों ने पत्र में स्पष्ट किया है कि यदि मंगलवार 8 सितंबर को शाम 4 बजे तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो शाम 4 बजे बाद समस्त कर्मचारी कार्य बहिष्कार करेंगे। इसके बाद बुधवार 9 सितंबर को सुबह 8 बजे से सम्पूर्ण बीसलपुर-अजमेर परियोजना के कर्मचारियों द्वारा पम्प बंद करने की चेतावनी दी गई है। कर्मचारियों ने पम्प बंद होने की स्थिति के लिए संबंधित विभाग एवं कंपनी प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। ज्ञापन की प्रतिलिपि केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

