केकड़ी, 14 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी नगर पालिका चुनाव के परिणाम सामने आने के साथ ही शहर की नई राजनीतिक तस्वीर साफ हो गई है। 40 वार्डों के चुनाव में कांग्रेस ने 20 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़े दल के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है, जबकि भाजपा के खाते में 18 सीटें आई हैं। वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने भी 2 वार्डों में जीत दर्ज कर पालिका की राजनीति में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। परिणामों के साथ ही शहर में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। जैसे-जैसे वार्डों के परिणाम घोषित होते गए, विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह बढ़ता गया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर समर्थक जमकर थिरके, आतिशबाजी की गई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशियां मनाई गईं।

नौ राउंड में पूरी हुई मतगणना: केकड़ी नगर पालिका के 40 वार्डों के लिए मतगणना राजकीय महाविद्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। इसके लिए 5 मतगणना टेबल लगाई गई थीं और पूरी मतगणना 9 राउंड में संपन्न हुई। करीब ढाई घंटे में सभी वार्डों के परिणाम सामने आ गए। निर्वाचक पंजीयन एवं उपखण्ड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई के निर्देशन में कार्मिकों ने मतगणना कार्य को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया। इस दौरान तहसीलदार सत्यनारायण लौहार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

समर्थकों में दौड़ती रही खुशी की लहर: चुनाव परिणाम जानने के लिए राजकीय महाविद्यालय के बाहर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ जमा रही। प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने वार्ड के परिणाम को लेकर उत्सुक नजर आए। जैसे-जैसे किसी वार्ड का परिणाम सामने आता, जीतने वाले प्रत्याशी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ जाती, वहीं हारने वाले खेमे में मायूसी छा जाती। मतगणना स्थल पर परिणामों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। इससे लोगों को वार्डवार परिणामों की जानकारी मिलती रही।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा चौकस: मतगणना के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, शहर थानाधिकारी जगदीश चौधरी, सदर थानाधिकारी मुकेश गोरा सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं आरएसी के जवान मतगणना स्थल पर तैनात रहे।

किसके सिर सजेगा अध्यक्ष पद का ताज? चुनाव परिणाम आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर खड़ा हो गया है। अध्यक्ष पद का चुनाव 21 सितंबर को होगा। कांग्रेस के 20, भाजपा के 18 और RLP के 2 विजयी पार्षदों को देखते हुए अध्यक्ष पद की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है। सभी प्रमुख दलों के विजयी पार्षद फिलहाल बाड़ाबंदी में बताए जा रहे हैं। ऐसे में किसी भी दल की ओर से स्पष्ट रुझान सामने नहीं आया है। केकड़ी नगर पालिका अध्यक्ष पद इस बार सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है। बहुमत का आंकड़ा 21 होने के कारण कांग्रेस सबसे बड़े दल के रूप में जरूर उभरी है, लेकिन अध्यक्ष की कुर्सी के लिए उसे एक और पार्षद के समर्थन की आवश्यकता होगी। ऐसे में RLP के दो पार्षदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि अंतिम तस्वीर 21 सितंबर को ही साफ होगी।

