Homeसमाजहाईफा हीरो के शौर्य व बलिदान को किया नमन, 108 दीपों से...

हाईफा हीरो के शौर्य व बलिदान को किया नमन, 108 दीपों से जगमगाया मेजर दलपत सिंह सर्किल

केकड़ी, 23 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अमर शहीद हाईफा हीरो मेजर दलपत सिंह शेखावत के 108वें बलिदान दिवस के अवसर पर रावणा राजपूत समाज केकड़ी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर वीर योद्धा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर मेजर दलपत सिंह सर्किल पर 108 दीपक प्रज्वलित कर दीपदान किया गया। वहीं बुधवार को सर्किल पर माल्यार्पण कर उनके अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन किया गया। रावणा राजपूत समाज के राष्ट्रीय महासचिव शंकर सिंह राठौड़ ने बताया कि 23 सितंबर 1918 को प्रथम विश्व युद्ध के दौरान मेजर दलपत सिंह ने इजरायल के हाईफा शहर को मुक्त कराने में अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया था। उन्होंने बताया कि 26 वर्षीय मेजर दलपत सिंह ने दुश्मन की गोलियों और बारूद से घायल होने के बावजूद युद्ध में जीत सुनिश्चित होने तक मोर्चा नहीं छोड़ा और वीरगति को प्राप्त हुए।

भारतीय पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग: शंकर सिंह राठौड़ ने कहा कि मेजर दलपत सिंह के शौर्य और हाईफा युद्ध की गाथा को इजरायल में पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाए जाने की जानकारी समाज की ओर से बताई जाती रही है। उन्होंने कहा कि भारत के पाठ्यक्रम में भी मेजर दलपत सिंह के शौर्य, पराक्रम और युद्ध की यशोगाथा को शामिल किया जाना चाहिए। रावणा राजपूत समाज लंबे समय से इस मांग को उठाता रहा है, ताकि देश की युवा पीढ़ी उनके अद्वितीय बलिदान और सैन्य पराक्रम से परिचित हो सके।

सर्किल के सौंदर्यीकरण और छात्रावास के लिए जमीन की मांग: रावणा राजपूत समाज केकड़ी अध्यक्ष रतन सिंह राठौड़ ने बताया कि समाज की ओर से विधायक तथा नगर पालिका प्रशासन के समक्ष मेजर दलपत सिंह सर्किल के प्रवेश द्वार एवं मार्ग का सौंदर्यीकरण कराने की मांग रखी गई है। इसके साथ ही मेजर दलपत सिंह के नाम से छात्रावास निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने की मांग भी की गई है। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव शंकर सिंह राठौड़, केकड़ी अध्यक्ष रतन सिंह राठौड़, पूर्व सैनिक गोपाल सिंह कच्छावा, लेखराज सिंह चौहान, गोपाल सिंह, महेन्द्र सिंह, जीतराम सिंह, टोनू सिंह, राधेश्याम भाटी, शक्तिसिंह, शंकर सिंह गोगावत, विक्रम सिंह सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।

केकड़ी: मेजर दलपत सिंह सर्किल पर दीपदान करते रावणा राजपूत समाज के लोग।

108 दीपों से किया वीर योद्धा को नमन: बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर हाईफा हीरो मेजर दलपत सिंह सर्किल पर रावणा राजपूत समाज के पदाधिकारियों एवं समाजबंधुओं ने 108 दीपक प्रज्वलित कर दीपदान किया। दीपों की रोशनी के बीच समाजबंधुओं ने मेजर दलपत सिंह के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव शंकर सिंह राठौड़, रिंकू गोगावत, पूर्व पार्षद अर्जुन सिंह शक्तावत, भैरुसिंह राठौड़, महेंद्र सिंह राठौड़, गणेश सिंह राठौड़, दावल गौड़, जयसिंह चौहान, शंकर सिंह गोगावत, हर्षवर्धन सिंह, रोहित सिंह, गौरव सिंह, नरेश कच्छावा, बलवीर सिंह, बहादुर सिंह, महावीर सिंह, विक्रम सिंह सिसौदिया, उदय सिंह सहित अनेक समाजबंधु मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES