Site icon Aditya News Network – Kekri News

खेत में मिला बछड़े का शव, लेपर्ड के शिकार की आशंका; आमजन में बढ़ी दहशत

केकड़ी: बघेरा रोड पर बछड़े का शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद खेत मालिक व जनप्रतिनिधि।

केकड़ी, 01 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बघेरा रोड क्षेत्र में रविवार सुबह एक खेत में बछड़े का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पूर्व पार्षद बफाती मोहम्मदके खेत पर हुई इस घटना के बाद मौके पर जंगली जानवर के पदचिह्न भी मिले हैं, जिससे लेपर्ड द्वारा शिकार किए जाने की प्रबल आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके की निगरानी शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों के अनुसार पिछले लगभग 15 दिनों से क्षेत्र में एक लेपर्ड की सक्रियता बनी हुई है। माना जा रहा है कि इसी लेपर्ड ने बछड़े को अपना निवाला बनाया है। वन विभाग लेपर्ड को पकड़ने के लिए लगातार अभियान चला रहा है, लेकिन अब तक सफलता हाथ नहीं लगी है। 19 जनवरी को लेपर्ड माइंस क्षेत्र में लगे ट्रैप कैमरों में भी कैद हुआ था।

दर्जनों गांवों में भय व सन्नाटा: आबादी क्षेत्र के नजदीक शिकार की इस घटना के बाद आसपास के दर्जनों गांवों में भी खौफ का माहौल है। मेवदाकलां, एकलसिंहा, कणोंज, देवलिया खुर्द, तितरिया, लसाड़िया, छाबड़िया, नाईखेड़ा व मोलकिया सहित कई क्षेत्रों में लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। लेपर्ड अब तक करीब एक दर्जन मवेशियों को शिकार बना चुका है, जिससे किसानों व पशुपालकों में भारी आक्रोश व चिंता है। वन विभाग की टीम लेपर्ड की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है। मेवदाकलां के माइंस क्षेत्र में लेपर्ड को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है। वन विभाग की फोरेस्टर पूनम चौधरी ने बताया कि बघेरा रोड क्षेत्र में लेपर्ड के मूवमेंट की सूचना मिली है। मौके पर जाकर जांच की जाएगी। लेपर्ड को रेस्क्यू करने के लिए वन विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Exit mobile version