Friday, February 27, 2026
Homeक्राइम न्यूजध्वनि प्रदूषण व रास्ता रोकने का विरोध करने पर मारपीट, तांत्रिक विद्या...

ध्वनि प्रदूषण व रास्ता रोकने का विरोध करने पर मारपीट, तांत्रिक विद्या से परिवार को खत्म करने की दी धमकी, कोर्ट के आदेश पर तीन के खिलाफ केस दर्ज 

केकड़ी, 26 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पुराना कोटा रोड स्थित एक कॉलोनी में ध्वनि प्रदूषण व रास्ता अवरुद्ध करने की शिकायत करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। विरोध करने पर पड़ोसी दुकानदारों ने न केवल मारपीट की, बल्कि तांत्रिक विद्या से परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी। इस संबंध में न्यायालय के आदेश पर शहर थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है। परिवादी सत्यनारायण माली ने न्यायालय में पेश इस्तगासे में बताया कि उसके मकान के पास ही सापण्दा निवासी शंकर लोहार, कालू लोहार व शेरू उर्फ हेमराज लोहार की दुकान है। तीनों आरोपी यहां कृषि हैमर मशीन व अन्य भारी यंत्रों से कार्य करते हैं, जिससे असहनीय ध्वनि प्रदूषण होता है। साथ ही सड़क पर सामान रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया जाता है। इसकी शिकायत पूर्व में नगरपालिका में की गई थी, जिस पर पालिका प्रशासन ने उन्हें पाबंद भी किया था।

मारपीट व जादू-टोनेकी धमकी: परिवादी का आरोप है कि शिकायत से क्षुब्ध होकर आरोपियों ने 22 जनवरी को भैरू गेट के पास उसका रास्ता रोका व गाली-गलौच करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। बीच-बचाव के बाद आरोपियों ने उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। परिवादी के अनुसार कालू लोहार ने उसे तांत्रिक विद्या व जादू-टोने से खत्म करने की धमकी देते हुए कहा कि इसका कोई सबूत भी नहीं मिलेगा। परिवादी ने बताया कि अत्यधिक शोर के कारण उसके भाई को कान की बीमारी भी हो गई है। न्यायालय के आदेश पर शहर थाना पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

RELATED ARTICLES