Thursday, January 29, 2026
Homeधर्म एवं संस्कृतिलोक आस्था का संगम: तेजाजी महाराज के जन्मोत्सव पर निकलेगी भव्य ट्रैक्टर...

लोक आस्था का संगम: तेजाजी महाराज के जन्मोत्सव पर निकलेगी भव्य ट्रैक्टर रैली, अर्पित होगा 501 किलो खीर का महाभोग

केकड़ी, 29 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लोक आस्था के प्रतीक व जन-जन के आराध्य लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज का जन्मोत्सव इस वर्ष 31 जनवरी को श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर किसान वर्ग द्वारा भव्य धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों की तैयारियां जोरों पर है। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में किसानों द्वारा एक विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। यह रैली प्रातः 10:15 बजे जयपुर रोड स्थित पोकी नाडी बालाजी मंदिर से प्रारंभ होगी। रैली में सैकड़ों ट्रैक्टरों के शामिल होंगें, जो वीर तेजाजी महाराज के प्रति अटूट आस्था व किसान समाज की एकता का संदेश देंगे। रैली क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए भक्तिमय माहौल निर्मित करेगी।

होंगे विशेष आयोजन: अजमेर रोड स्थित तेजाजी महाराज मंदिर में जन्मोत्सव पर विशेष आयोजन होंगे। मंदिर में तेजाजी महाराज को 501 किलो खीर का भोग अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम होगा। उत्सव को लेकर मंदिर परिसर को फूलों व विशेष रोशनी से सजाया जा रहा है। आयोजन से जुड़े सदस्यों ने बताया कि वीर तेजाजी महाराज सत्य, वचनबद्धता व गौ-रक्षा के प्रतीक हैं। उनके जन्मोत्सव को लेकर ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के भक्तों में भारी उत्साह है।

RELATED ARTICLES