Tuesday, October 14, 2025
Homeदेशज्ञान व मनोरंजन का संगम: 'कौन बनेगा करोड़पति' की तर्ज पर हुई...

ज्ञान व मनोरंजन का संगम: ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर हुई ‘भारत को जानो’ प्रतियोगिता, बच्चों ने दिए डिजिटल जवाब

केकड़ी, 24 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद के ‘संस्कार प्रकल्प’ के तहत “भारत को जानो प्रतियोगिता” का शाखा स्तरीय आयोजन मंगलवार को भाग्योदय नगर स्थित मंगलम गार्डन में किया गया। इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह रही कि इसे लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की थीम पर डिजिटल तरीके से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती व स्वामी विवेकानंद के चित्र के सामने दीप प्रज्वलन व वंदे मातरम् गीत के साथ हुआ। शाखा सचिव रामनिवास जैन ने बताया कि यह प्रतियोगिता भारतीय संस्कृति, भूगोल, इतिहास, राजनीति व खेलकूद जैसे विषयों पर आधारित थी। मंच पर सवाल पूछे गए तथा प्रतियोगी टीमों ने डिजिटल बटन दबाकर जवाब दिए।

ये रहे विजेता: प्रांतीय पदाधिकारी पंकज अग्रवाल व आदित्य व्यास ने अपने लैपटॉप के जरिए प्रश्नों को बड़ी स्क्रीन पर संचालित किया। प्रतियोगिता दो वर्गों में आयोजित की गई। कनिष्ठ वर्ग (कक्षा 6 से 8) में 15 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया। जिसमे राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय केकड़ी की काव्या माहेश्वरी व सीमा वैष्णव ने एवं सुधा सागर दिगम्बर जैन विद्या विहार के मोहम्मद जीशान व अंश गदिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग (कक्षा 9 से 12) में 18 स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। जिसमे आन एकेडमी केकड़ी के अनुज विजयवर्गीय व ईशान यादव ने प्रथम एवं सुधा सागर दिगम्बर जैन विद्या विहार केकड़ी के देवेंद्र सिंह राठौड़ व अक्षत सिंह शक्तावत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

केकड़ी: भारत को जानो प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी।

प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग: इन दोनों वर्गों की विजेता टीमें आगामी 5 अक्टूबर को भीलवाड़ा में होने वाली प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में केकड़ी का प्रतिनिधित्व करेंगी। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के शाखा अध्यक्ष बहादुर सिंह शक्तावत, महावीर पारीक, निहालचंद मेडतवाल, शिवपाल सिंह, भगवान महेश्वरी, विष्णु तेली, पूर्व अध्यक्ष महेश मंत्री, आदित्य उदयवाल सहित मातृशक्ति महिला संयोजक अंजू विजय, महिला संस्कार संयोजक ममता विजय, राधा महेश्वरी, सरोज नरूका, राधा विजय, संगीता विजय, सरोज साहू व सरोज विजय सहित कई सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे। संचालन प्रकल्प प्रभारी हरिनारायण बिदा व सर्वेश विजय ने किया।

RELATED ARTICLES