केकड़ी, 02 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): गुलगांव के पास खारी नदी क्षेत्र में शुक्रवार को बजरी खनन के लिए रास्ता बनाते समय लीजधारक की ओर से जेसीबी मशीन से बीसलपुर पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई। पाइपलाइन टूटते ही करीब 15 फीट ऊंचा पानी का फव्वारा फूट पड़ा। पाइप लाइन टूटने से मौके पर हजारों गैलन पानी बह गया। ग्रामीणों के अनुसार पाइपलाइन टूटने के बाद खननकर्ताओं ने जेसीबी की मदद से मिट्टी डालकर पानी रोकने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद खननकर्ता जेसीबी मशीन लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे व तत्काल पेयजल आपूर्ति बंद कर लाइन दुरुस्तीकरण का कार्य शुरू कराया। जलदाय विभाग के एईएन योगेश कटारिया ने बताया कि जहां पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है, वहां मरम्मत कार्य जारी है। पाइपलाइन टूटने के कारण सावर क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति करीब 10 घंटे तक बाधित रहेगी।

लीजधारक पर मनमानी का आरोप: ग्रामीणों ने बताया कि खारी नदी में लीजधारक की ओर से बजरी खनन के लिए टोकन बांटे जा रहे हैं तथा खुलेआम एनजीटी के नियमों की अवहेलना कर बजरी दोहन किया जा रहा है। इसी के चलते खनन माफियाओं द्वारा रास्ता बनाया जा रहा था, जिससे बीसलपुर पेयजल लाइन टूट गई। घटना की जानकारी मिलते ही खनिज विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची तथा जांच पड़ताल की। खनिज अभियंता मनोज तंवर ने बताया कि विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। नियमों की अवहेलना पाए जाने पर लीजधारक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


