केकड़ी, 12 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): चार साल की मासूम बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले एक युवक द्वारा गंदी हरकतें करने का शर्मनाक मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिवादीया ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बीते दिनों जब घर के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए थे, तब वह व उसकी चार साल की पुत्री घर पर अकेले थे। शाम के समय पड़ोस में रहने वाला युवक उनके घर आया। वह मासूम को चॉकलेट दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया। जब काफी देर तक बच्ची वापस नहीं लौटी, तो मां उसे देखने बाहर निकली। इसी दौरान बच्ची घर के बाहर रोती हुई मिली।

बच्ची ने रोते हुए सुनाई आपबीती: घर ले जाने पर मासूम ने अपनी मां को बताया कि पड़ौस में रहने वाला युवक उसे अपने घर ले गया था, जहां उसने उसके साथ बेहद आपत्तिजनक व गंदी हरकतें की। बच्ची ने डरे हुए स्वर में बताया कि आरोपी पहले भी कई बार चीज दिलाने के बहाने उसे ले जाकर ऐसी हरकतें कर चुका है। मासूम के साथ हुई इस दरिंदगी की जानकारी मिलते ही परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।


